सावन का पहला सोमवार : बाबा की चल प्रतिमा का होगा शृंगार, आएंगे छह लाख श्रद्धालु; पुष्प वर्षा से होगा स्वागत
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि श्रावण मास के पहले सोमवार को महादेव की चल प्रतिमा का शृंगार होगा। भक्त बाबा के इस विशेष स्वरूप का दर्शन कर पाएंगे। बारिश, धूप और गर्मी से बचाव के लिए जर्मन हैंगर, अतिरिक्त शेड लगाया गया है।
विस्तार
सावन के पहले सोमवार के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम सजकर तैयार है। बाबा के धाम में रेड कार्पेट पर फूल बरसाकर श्रद्धालु और कांवड़ियों का स्वागत होगा। सावन के पहले सोमवार को बाबा विश्वनाथ की चल प्रतिमा का शृंगार होगा। पहले सोमवार को धाम में छह लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। धाम की सीसीटीवी से निगरानी होगी और जिग जैग बैरिकेडिंग से होकर श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक करने पहुंचेंगे।
रविवार शाम से ही कांवड़ियों के कदम बाबा के धाम की ओर चल पड़े थे। बोल-बम का जयकारा लगाते हुए श्रद्धालुओं की टोली धाम में पहुंच रही थी। सावन के पहले सोमवार को बाबा का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु शाम से ही बैरिकेडिंग में कतारबद्ध होने लगे थे। रात आठ बजे तक श्रद्धालुओं की कतार धीरे-धीरे बैरिकेडिंग में लंबी होती जा रही थी। मंगला आरती के बाद धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि श्रावण मास के पहले सोमवार को महादेव की चल प्रतिमा का शृंगार होगा। भक्त बाबा के इस विशेष स्वरूप का दर्शन कर पाएंगे। बारिश, धूप और गर्मी से बचाव के लिए जर्मन हैंगर, अतिरिक्त शेड लगाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए धाम में समय-समय पर ग्लूकोज, ओआरएस घोल का वितरण किया जाएगा। पेयजल काउंटर और गुड़ की व्यवस्था भी रहेगी। भक्तों की सुविधा के लिए धाम में खोया पाया केंद्र बनाया गया है, जिसमें बहुभाषी कर्मी ड्यूटी देंगे।
चिकित्सक और एंबुलेंस की होगी तैनाती
श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कुल पांच स्थानों पर चिकित्सकों की टीम तैनात है। मंदिर में दो एंबुलेंस रहेंगी। इनमें एक एंबुलेंस में एडवांस लाइफ सपोर्ट की सुविधा होगी, जो किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए तत्पर रहेगी।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से बाबा का सजीव प्रसारण
गर्भगृह के दर्शन पूजन का सजीव प्रसारण किया जाएगा। धाम में एलईडी टीवी लगाई गई है। इसके अलावा घाटों पर रेलवे स्टेशन, गोदौलिया चौराहा समेत छह स्थानों पर एलईडी टीवी के माध्यम से सजीव प्रसारण के जरिए बाबा का दर्शन किया जा सकेगा। यूट्यूब से बाबा की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। इससे पूरे विश्व में बाबा के भक्त सावन में अपने आराध्य का दर्शन कर पाएंगे।
10 क्विक रिस्पांस टीम 24 घंटे रहेंगी तैनात
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रयागराज-वाराणसी मार्ग की एक लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेगी। 10 क्विक रिस्पांस टीम 24 घंटे तैनात रहेंगी। सावन में कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए 200 सीसी कैमरे और आठ ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि 20 से अधिक मोटर साइकिल दस्ते सड़कों पर पेट्रोलिंग करेंगे। लगभग 1,500 पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मी की ड्यूटी अन्य कई स्थानों पर लगाई गई है।
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
10 क्विक रिस्पांस टीम 24 घंटे रहेगी तैनात, 200 सीसीटीवी कैमरे और आठ ड्रोन से होगी निगरानी
20 से अधिक मोटर साइकिल दस्ते करेंगे पेट्रोलिंग ,1500 पुलिसकर्मी राउंड-द-क्लॉक ड्यूटी पर रहेंगे
यह भी पढ़ें: यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार: 60 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना, पढ़ें मौसम का हाल