वाराणसी: व्यापारियों ने रोका बाल विकास मंत्री स्वाती सिंह का काफिला, पुलिस पर उत्पीड़न का लगाया आरोप
मंत्री स्वाती सिंह ने व्यापारियों को आश्वासन दिया। वहीं, उच्च अधिकारियों को संज्ञान लेने का निर्देश दिया है। स्वाति सिंह रामनगर में बाल सुधार गृह का निरीक्षण करने के लिए पहुंची रही थीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में राजकीय संप्रेषण और राजकीय बाल गृह का सोमवार सुबह निरीक्षण करने पहुंचीं बाल विकास मंत्री स्वाती सिंह से व्यापारियों ने पुलिस द्वारा उत्पीड़न की शिकायत की। निरीक्षण खत्म कर जैसे ही मंत्री अपने कार में सवार हुईं इलाके के व्यापारियों ने उनका काफिला रोक लिया।
शिकायत में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कस्बा इंचार्ज जितेंद्र गुप्ता ने दुकानें बंद करवाने के दौरान शास्त्री चौक स्थित लस्सी दुकानदार पिंकू की पिटाई की। साथ ही कइयों के साथ बदसलूकी भी की। पिंकू ने पुलिस कर्मियों से कहा था कि किले के पास की अन्य लस्सी की दुकानों को भी बंद करवाइए।
इसी बात पर पुलिसकर्मियों ने पिंकू की पिटाई कर दी और थाने भी भिजवा दिया। इससे नाराज क्षेत्रीय व्यापारी उसी समय नगर में मौजूद महिला कल्याण और बाल विकास मंत्री स्वाति सिंह से शिकायत करने पहुंच गए। वहीं, मंत्री ने सुरक्षा में लगे पुलिस के उच्चाधिकारियों को मामले का संज्ञान लेने और व्यापारियों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
पुलिस बंद करा रही थी दुकानें, विधायक काट रहे थे फीता
दरअसल, पुलिस के दोहरे रवैये से व्यापारियों में भारी नाराजगी रही। एक तरफ पुलिस डंडे के बल पर दुकानों को बंद करा रही थी। दूसरी ओर कैंट विधायक एक दुकान का उद्घाटन कर रहे थे। व्यापारियों ने कैंट विधायक के समक्ष भी अपनी नाराजगी जताई। विधायक ने व्यापारियों को स्पष्ट किया कि दुकानें बंद करने का कोई आदेश नहीं है। इस बाबत एसीपी कोतवाली प्रवीण सिंह से बात भी की।
बच्चे ने बनाया फ्रेंडशिप बैंड, मंत्री को किया गया भेंट
स्वाती सिंह ने निरीक्षण के दौरान बच्चों की सुविधाओं का जायजा लिया। बच्चों द्वारा बनाए गए कुछ क्राफ्ट को देख सराहा। इस दौरान उन्हें एक बच्चे की ओर से बनाया गया फ्रेंडशिप बैंड भी भेंट किया गया। कुछ खामियों पर गृह अधीक्षक को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।