UP : देशभर से स्पेशल फोर्स में चुने गए 70 अग्निवीर, काशी के सबसे ज्यादा 11; छावनी के 110 युवा देंगे ट्रेनिंग
Varanasi News : पैरा स्पेशल फोर्स के लिए देश के 70 अग्निवीरों का चयन हुआ है। इनमें सबसे ज्यादा काशी के अग्निवीर हैं। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार, परीक्षा और रैली के बाद पूर्वांचल के 12 जिलों के लगभग 600 अग्निवीर चयनित किए गए थे।
विस्तार
बंगलूरू में कठिन प्रशिक्षण के बाद वाराणसी के 56 अग्निवीर में से 11 ही मानक पूरा कर पाए। सेना भर्ती कार्यालय के अफसरों ने बताया कि इसके बावजूद पैरा स्पेशल फोर्स के लिए पूरे देश से चुने गए 70 में से सर्वाधिक 11 अग्निवीर वाराणसी के हैं।
उधर, छावनी क्षेत्र के सेना भर्ती कार्यालय से 110 अग्निवीर ट्रेनिंग सेंटरों के लिए रवाना हुए। अगस्त में रैली के बाद 600 युवाओं का चयन किया गया था। पहले दिन 110 युवाओं को सिकंदराबाद और गोवा ट्रेनिंग सेंटर के लिए रवाना किया गया। बुधवार को नासिक और ऊंटी के लिए चयनित युवा रवाना होंगे। इसके बाद कर्नाटक के बेलगांव जाएंगे।
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि परीक्षा और रैली के बाद बनारस सहित पूर्वांचल के 12 जिलों के 600 अग्निवीर के अलग-अलग पदों के लिए चयनित किया गया था।
बीएचयू में एडीजी पीयूष मोर्डिया ने छात्रों से किया संवाद
बीएचयू के कला संकाय में मंगलवार को वाराणसी जोन के पुुलिस उप महा निदेशक (एडीजी) पीयूष मोर्डिया ने छात्रों से संवाद किया। सिविल सर्विसेज एग्जाम ओरिएंटेशन प्रोग्राम में कहा कि परीक्षा चाहे जो भी हो, वह तब तक कठिन नहीं होती, जब तक हम उसे मान नहीं लेते। सही रणनीति बनाकर बड़ी से बड़ी परीक्षाओं को क्लियर किया जा सकता है। कहा कि सबसे पहले अपनी रुचि को पहचानें। उसी के अनुसार विषयों का चुनाव करें। इस दौरान, प्रो. आरती निर्मल, प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे मौजूद रहे।