सावन के दूसरे सोमवार से पहले केसरिया मय हुआ काशी, कांवरियों पर हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भगवान शिव की नगरी काशी सावन में पूरी तरह से केसरिया मय हो चुकी है। मंदिर से लेकर शहर में आने वाले प्रमुख रास्तों पर बोल बम के जयकारे लगाते कांवरियों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। वहीं काशी आए कांवरियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।
सावन के दूसरे सोमवार पर तेरस पड़ने के कारण काशी में बाबा विश्वनाथ दरबार में दर्शन पूजन और जलाभिषेक के लिए कांवरिया का जत्था कई जिलों से काशी पहुंच रहा है। हजारों कांवरिया की भीड़ बाबा दरबार में दर्शन-पूजन के लिए बोल-बम के नारों के साथ आगे बढ़ती जा रही है।
प्रयागराज से जल लेकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने भारी संख्या मे काशी पहुंचे कावरिया
हेलीकाप्टर द्वारा घाटों पर की गई पुष्पवर्षा :
सावन के महीने में बाबा भोले नाथ की नगरी में आए कावरियों और दशनार्थियों के ऊपर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा हेलीकॉप्टर से दशाश्वमेघ घाट, शीतला घाट, अहिल्याबाई घाट आदि दर्जनों घाटों पर गुलाब की पंखुड़ियों की पुष्प वर्षा की गई। घाटों पर श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के उदघोष के साथ पुष्पवर्षा का स्वागत किया।
तेरस पर जलाभिषेक के लिए रविवार को ही कांवरिया बाबा विश्वनाथ के दर्शन, पूजन और जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध हो जाएंगे। मंगला आरती के बाद बाबा दरबार में दर्शन और पूजन के बाद जल लेकर कांवरिया आगे के लिए रवाना होंगे। शहर में कई स्थानों पर कांवरिया शिविर लगाए गए हैं। वहां पर रात्रि विश्राम के साथ ही उनके रहने, सोने, खाने और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।

मिर्जामुराद से काशी आ रहा कांवरियों का रेला
गंगा मित्रों ने कांवरिया को किया जागरूक :
बीएचयू के महामना मालवीय गंगा शोध केंद्र के प्रशिक्षित इको स्किल्ड गंगा मित्रों ने शनिवार को गंगा घाटों पर कांवरिया को गंगा सफाई के प्रति जागरूक किया। केंद्र के चेयरमैन प्रो. बीडी त्रिपाठी ने बताया कि सावन में कई प्रदेशों से कांवरिया की टोली बनारस आती है।
ऐसे में इनके माध्यम से गंगोत्री से गंगासागर तक के लोगों तक गंगा स्वच्छता की अपील की जा सकती है। अभियान में 150 गंगामित्रों और उनके सहयोगियों के साथ ही विदेशी नागरिकों ने भी भाग लिया।