UP: सचिन तेंदुलकर की पत्नी व बेटी पहुंचीं काशी, धाम में जमीन पर बैठकर लगवाया त्रिपुंड; बोलीं- अद्भुत है नगरी
Varanasi News: विश्वनाथ मंदिर परिसर में भक्त उस वक्त उत्साहित हो गए जब सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजलि और बेटी सारा भी बाबा के दर्शन को पहुंचीं। दोनों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
विस्तार
Anjali and Tendulkar Varanasi Visit: पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजलि तेंदुलकर व बेटी सारा तेंदुलकर ने सोमवार को बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में टेका मत्था। मंदिर कॉरिडोर की भव्यता देख मंत्रमुग्ध हो गईं। दोनों ने कहा कि काशी नगरी पहले से और भव्य-दिव्य हो गई है।
मुख्य अर्चक पं श्रीकांत मिश्रा के आचार्यत्व में सविधिक बाबा का दर्शन पूजन किया। इस अवसर पर आचार्य श्रीकांत मिश्र ने अंजलि और सारा को त्रिपुंड लगाया। सेलिब्रिटी होने के बाद भी मां-बेटी ने आम लोगों की तरह फर्श पर बैठकर बाबा का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने उन्हें रुद्राक्ष की माला दिया। उन्हें अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
2023 में आए थे सचिन
बता दें कि 2023 में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी वाराणसी आए थे। उस वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा था। पीएम मोदी ने गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया था। इस मौके पर क्रिकेट की कई हस्तियां भी मौजूद रहीं। इसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सचिन तेंदुलकर भी वाराणसी पहुंचे थे।
एयरपोर्ट पर सचिन तेंदुलकर को स्पॉट किया गया था। वाराणसी एयरपोर्ट पर सचिन लाल कुर्ते में नजर आए थे। सचिन तेंदुलकर और रवि शास्त्री एयरपोर्ट से काशी विश्वनाथ के लिए रवाना हुए और बाबा के दरबार में पूजा-पाठ की थी। बाबा विश्वनाथ के धाम में सचिन तेंदुलकर लाल कुर्ता, गले में फूलों की माला और गमछे में नजर आए थे।