पंचक्रोशी मार्ग की सड़क हो गई है जानलेवा, लोग अपने घरों से कर रहे पलायन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर यूपी कॉलेज से शिवपुर के बीच बारिश से पूरी सड़क धंस गई है। सड़क का ऊपरी हिस्सा तो टिका है, मगर अंदर कई मीटर लंबा गड्ढा हो गया है। करीब 200 मीटर सड़क बैठने की आशंका बनी है और आसपास के निवासी दहशत में हैं।
डर के कारण लोगों ने इस मार्ग से आवागमन बंद कर दिया है। सड़क से सटे घरों के लोगों ने पलायन शुरू कर दिया है। उधर, चार दिन बाद भी लोक निर्माण विभाग बेखबर है। मामले की जानकारी के बाद मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने रिपोर्ट तलब की है।
भोजूबीर से होकर पंचक्रोशी मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं। जबकि पंचक्रोशी परिक्रमा के दौरान तो श्रद्धालुओं का रेला उमड़ता है, लेकिन इस मार्ग पर ही यूपी कॉलेज से लेकर शिवपुर के बीच सड़क के नीचे एक बहुत बड़ा गड्ढा हैं।
सड़क की मोटाई छह फीट छोड़ दी जाए तो नीचे कई मीटर गहरा गड्ढा है। इसके आसपास का पूरा बारिश और घरों का पानी अंदर जा रहा है। इसे जब लोगों ने देखा तो दंग रह गए। क्योंकि सड़क के नीचे की पूरी जमीन ही खोखली हो गई है। जिसका कोई ओर छोर नहीं समझ में आ रहा है।
गहराई से ऐसा लग रहा है कि सड़क किनारे बने दर्जनों घर उसकी चपेट में होंगे। इससे क्षेत्र के लोगों की नींद हराम हो गई है। लोगों ने कहा कि डीएम को भी ज्ञापन सौंपा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि लोक निर्माण विभाग सहित इस सड़क पर काम करने वालों से रिपोर्ट मांगी गई है। 24 घंटे में सड़क ठीक नहीं की गई तो कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासी मो वाहिद ने कहा कि इस क्षेत्र में कई बार सड़क धंसी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
दीपक अग्रवाल ने कहा कि अब तक जितनी घटनाएं हुई वह बहुत ही कम थीं, लेकिन यह बहुत बड़ा गड्ढा है अगर जमीन धंसी तो कई घर बैठ जाएंगे। वहीं, बबलू यादव का कहना था कि जल निगम ने पाइप डालने में लापरवाही की है। इससे पूरे क्षेत्र में पानी के चलते जमीन बैठ रही है। कई बार शिकायत के बाद भी इस गंभीर मसले को ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जो खतरा का कारण है।
पाइप लाइन डालने के बाद हुआ है हाल :
लोक निर्माण विभाग की इस सड़क पर कुछ महीने पहले जल निगम की ओर से पाइप लाइन डाली गई है। लेकिन उसके बाद उसका भराव सही से नहीं किया गया। इसको लेकर लोक निर्माण ने जुर्माने का पत्र लिखा है। लेकिन चाहे जो भी हो अगर इस पर जल्द ही ध्यान नहीं दिया गया तो क्षेत्र में बड़ी घटना हो सकती है।