River Front Plan: वाराणसी में मानसून बाद शुरू होगा गंगा पार फोरलेन का निर्माण, सड़क के बाद बनेगी जेटी
गुजरात के साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर ही वाराणसी में गंगा पार रेती पर पर्यटन का नया केंद्र विकसित करने की तैयारी है। पड़ाव से रामनगर के बीच बनने वाली 6.8 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण गंगा के तल से 100 फीट की ऊंचाई से होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दुनिया में विख्यात काशी के घाटों पर तेजी से बढ़ रहे पर्यटकों को बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने के लिए प्रस्तावित रिवर फ्रंट योजना का खाका तैयार किया जाने लगा है। इसमें केंद्र सरकार के मंत्रालयों से अनुमति के बाद सबसे पहले पड़ाव से गंगा पार में फोरलेन का निर्माण शुरू होगा। इसमें सड़क बनने के बाद इससे लिंक जेटी का निर्माण किया जाएगा।
सात किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क से लिंक नौ जेटी बनाई जाएगी। फिलहाल पड़ाव से रामनगर के बीच फोरलेन सड़क निर्माण के लिए मंत्रालयों से अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए प्रशासनिक कवायद शुरू हो गई है। यूपी कैबिनेट से पास इस परियोजना का काम मानसून के बाद सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
इससे पहले निर्माण के लिए सभी आवश्यक कागजी खानापूर्ति पूरी करने की तैयारी है। गुजरात के साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर ही वाराणसी में गंगा पार रेती पर पर्यटन का नया केंद्र विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए वन मंत्रालय, पर्यावरण मंत्रालय और नमामि गंगे से अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगी गई है। मंत्रालयों की ओर से प्रशासन से कुछ मुद्दों पर पक्ष भी लिया जा रहा है।
उम्मीद जताई जा रही है कि सितंबर तक इस परियोजना की सभी कागजी कवायद पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाएगा। रामनगर से राजघाट तक गंगा के समानांतर लगभग सात किमी लंबी फोरलेन सड़क और अन्य विकास कार्यों के लिए 26 सौ करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।
इस सड़क का गंगा पार रेती से सीधा जुड़ाव होने के कारण चंदौली, मिर्जापुर, बिहार और मध्यप्रदेश सहित अन्य नगरों के यात्रियों व श्रद्धालु बिना नगर में प्रवेश किए सीधे गंगा घाटों पर पहुंच जाएंगे। इसके साथ ही यहां लगभग 10 हजार वाहनों की पार्किंग, पार्क, सौंदर्यीकरण सहित अन्य कार्य भी कराए जाएंगे।
तीन घाटों के सामने बनाई जाएगी नौ जेटी
इस परियोजना में नमो घाट, दशाश्वमेघ घाट और राजघाट के सामने फोरलेन सड़क से लिंक मार्ग पर जेटी बनाई जाएगी। तीन जेटी को एक ही सड़क से लिंक कर तैयार किया जाएगा और हर घाट के सामने तीन तीन जेटी बनाई जाएंगी। सात किमी सड़क पर नौ जेटी के जरिए जल परिवहन को भी जोड़ा जाएगा। फोरलेन के एक तरफ के मार्ग की चौड़ाई नौ मीटर होगी तथा इसके साथ ही सात मीटर चौड़ी एक सर्विस रोड का भी निर्माण होगा।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि रिवर फ्रंट योजना के लिए सर्वे का काम पूरा होने वाला है और इसके साथ ही आगे की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। हमारा प्रयास है कि सितंबर से इस परियोजना का काम शुरू करा दिया जाए। इसके लिए भी सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।