रंगभरी एकादशी 2022: अनूठे रंगोत्सव की आज साक्षी बनेगी काशी, भोलेनाथ के दरबार से गलियों तक हर कोना होगा लाल
रंगभरी एकादशी पर बाबा विश्वनाथ के स्वर्णमयी दरबार में बाबा का गौना उत्सव मनाया जाएगा। रजत सिंहासन वाली डोली पर जब बाबा सपरिवार सवार होकर निकलेंगे तो गलियां अबीर-गुलाल से पट कर लाल हो जाएंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रंगभरी एकादशी पर शिव की नगरी काशी आज अनूठे रंगोत्सव की साक्षी बनेगी। मौका होगा बाबा विश्वनाथ के गौने का। बाबा गौना कराने रजत पालकी से निकलेंगे। काशीपुराधिपति शिवभक्तों को राजसी स्वरूप में दर्शन देंगे। रंगभरी एकादशी पर बाबा विश्वनाथ के स्वर्णमयी दरबार में बाबा का गौना उत्सव मनाया जाएगा।
महंत आवास से रजत सिंहासन पर विराजमान होकर काशी विश्वनाथ मां पार्वती व प्रथमेश के साथ काशी की गलियों में निकलेंगे। शिवभक्त बाबा की अगवानी में काशी की गलियों में गुलाल की होली खेलेंगे। गौरा का गौना कराने जब काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ की रजत सिंहासन वाली डोली निकलेगी तो आस्थावानों के लिए आस्था की निधि बन जाएगी।
हर मन में त्रिपुरारी की पालकी का स्पर्श करने की चाह रहेगी। रजत सिंहासन वाली डोली पर जब बाबा सपरिवार सवार होकर निकलेंगे तो गलियां अबीर-गुलाल से पट कर लाल हो जाएंगी। छतों, बारजों, गलियों के दोनों किनारों पर पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की भीड़ होगी। स्वर्ण शिखरों वाले मुक्तांगन का हर कोना लाल-गुलाल से पट जाएगा।
पढ़ेंः गौना कराने ससुराल पहुंचे काशीपुराधिपति, ‘रंगभरी ठंडई’ से हुआ बाबा की बरात का स्वागत
रजत प्रतिमा का दर्शन शाम चार बजे तक
गर्भगृह में महाआरती के बाद बाबा का शृंगार किया जाएगा। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में रंगभरी एकादशी पर दिव्य, भव्य और नव्य स्वर्णिम गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ सपरिवार विराजेंगे। सोमवार को आरती भोग के बाद बाबा विश्वनाथ की चल रजत प्रतिमा का दर्शन शुरू होगा जो शाम चार बजे तक चलेगा।
शाम पांच बजे पालकी यात्रा निकाली जाएगी। भोले बाबा जब गौना कराने जाएंगे तो उनका राजशाही स्वरूप निखर कर सामने आएगा। अहमदाबाद से आई खादी के परिधान और सिर पर राजसी पगड़ी होगी। वहीं माता गौरा ब्रज से आई चुनरी को धारण करेंगी।
अमित त्रिवेदी की होगी विशेष प्रस्तुति
तबला वादक पंडित अशोक पांडेय, सुचरिता गुप्ता, पागल बाबा मुख्य आकर्षण होंगे। सूफियाना रॉक के लिए गायक अमित त्रिवेदी विशेष गायन करेंगे। इनके अलावा आराधना सिंह, नैना मिश्रा और प्रियंका पांडेय भी भजनों की प्रस्तुति देंगी।
मसान की होली में कल गूंजेगा डमरुओं का निनाद
श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल के डमरुओं का निनाद मणिकर्णिका की मसान की होली में गूंजेगा। श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल सेवा समिति की ओर से 15 मार्च को ब्रह्मनाल स्थित श्री बाल भैरव मंदिर से बाबा मशान की पालकी यात्रा निकलेगी। रविवार को ब्रह्मनाल में समिति की बैठक में तय हुआ कि पालकी दोपहर 12:30 बजे मणिकर्णिका घाट स्थित बाबा श्मशाननाथ की आरती के बाद चिता भस्म की होली खेलकर मोटरबोट से हरिश्चंद्र घाट चिताभस्म की होली खेलेगी। इसके बाद दोबारा मणिकर्णिका बाबा लूधेश्वर महादेव पर आकर यात्रा को विश्राम देंगे।