वाराणसी में नम हवा के साथ बारिश से मौसम का मिजाज बदला
वाराणसी में शुक्रवार शाम नम हवा के साथ बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। हवा के साथ हुई बारिश ने ठंड का एहसास कराया। शुक्रवार शाम को वाराणसी के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।
दिन में नम हवा और धूप। सुबह और शाम सिहरन। पिछले कई दिनों से ऐसा ही मौसम बना है।
शुक्रवार शाम को अचानक मौसम बदल गया। तेज नम हवा के साथ बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हो गया। देर शाम तक नम हवाएं चलती रही।
दिन में धूप तो हो रही है लेकिन हवा में नमी होने की वजह से उसका असर बहुत कम दिख रहा है। इसके अलावा भोर में धुंध जैसा भी दिखने लगा है। पिछले एक सप्ताह से रात में सिहरन जैसा महसूस हो रहा है। शुक्रवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही लगी रही और शाम 5 बजे ही आसमान में बादल छा गए।
इस बीच तेज हवा के साथ पहले हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ जगहों पर हल्की से तेज बारिश भी हुई। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन की वजह से ही मौसम में इस तरह का बदलाव हुआ। बताया कि दो दिनों तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा।