Railway News : आरा-बनारस, झूंसी-बनारस निरस्त, सोमवार को कैंट नहीं आएगी काशी एक्सप्रेस; जानें अपडेट
महाकुंभ में आने वाले यात्रियों के दबाव के कारण प्रयागराज रूट की रेल लाइनें काफी व्यस्त चल रही हैं। आए दिन ट्रेनें निरस्त हो रही हैं या लेट। इसको लेकर आम यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विस्तार
Railway News : प्रयागराज रूट पर संचालित 63229/30 आरा-बनारस और 65129/30 झूंसी-बनारस ट्रेन रविवार को निरस्त रही। इस बीच, यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, सोमवार को गोरखपुर से चलने वाली 15018 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन कैंट स्टेशन नहीं आएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यह ट्रेन निर्धारित मार्ग गोरखपुर-भटनी-वाराणसी कैंट के स्थान पर बदले मार्ग गोरखपुर-बाराबंकी-लखनऊ (उत्तर रेलवे)-कानपुर सेंट्रल-वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी)-बीना- इटारसी के रास्ते जाएगी।
21 घंटे स्वतंत्रता सेनानी और 17 घंटे की देरी से पहुंची कुंभ स्पेशल
वाराणसी। सीएसटीएम मऊ कुंभ मेला स्पेशल साढ़े 17 घंटे, न्यू दिल्ली जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 21 घंटे रिशेड्यूल, मालदा डाउन प्रयागराज कुंभ मेला स्पेशल साढ़े 15 घंटे, झूंसी देहरादून कुंभ मेला स्पेशल साढ़े तीन घंटे, ग्वालियर बनारस बुंदेलखंड एक्सप्रेस साढ़े 15 घंटे, बनारस ग्वालियर बुंदेलखंड एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे रिशेड्यूल, योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, बलिया दादर ढाई घंटे, गोरखपुर झूंसी कुंभ मेला स्पेशल ढाई घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पर पहुंची। यात्रियों के अनुसार स्पेशल ट्रेनें ज्यादा रूला रही हैं।
सीआईटी के गाली गलौज का वीडियो वायरल
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मुख्य टिकट निरीक्षक के गाली गलौज और कार्यालय में सहकर्मियों से दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सहकर्मियों ने इसकी शिकायत सीनियर डीसीएम से की है। रेल अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कराई है।
वसंत पंचमी को लेकर रेलवे सतर्क, बढ़ी निगरानी
वाराणसी। महाकुंभ के पलट प्रवाह और वसंत पंचम पर शाही स्नान को लेकर रेलवे सतर्क है। कैंट और बनारस स्टेशन पर आरपीफ, जीआरपी और कमर्शियल अधिकारियों ने सभी बिंदुओं की पड़ताल की। कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी को कहा गया है।
स्पेशल ट्रेनों का अधिक से अधिक संचालन और सर्कुलेटिंग एरिया से श्रद्धालुओं को रोककर होल्डिंग एरिया में ठहराए जाने का रेलवे सुरक्षा तंत्रों को निर्देश दिया गया है। उधर, रोडवेज बस स्टेशन और अस्थायी बस अड्डा हरहुआ और जगतपुर इंटर कॉलेज से संचालित अड्डे पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है।
क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि महाकुंभ रूम पर रोजाना 300 से अधिक बसों का संचालन हो रहा है। जरूरत और लोड़ बढ़ने पर और बसें चलाई जाएंगी। रिजर्व में बसें है, जिस रूट पर दबाव अधिक होगा, उस रूट पर बसों का संचालन किया जाएगा।