Varanasi News: जनप्रतिनिधियों ने पुरानी समस्याएं उठाईं, आश्वासन भी पुराना मिला; सीवर और सड़क की शिकायतें ज्यादा
Varanasi News: वाराणसी शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों में समन्वय बैठक हुई। इस दौरान समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया। क्षतिग्रस्त सीवर और सड़कों की शिकायतें ज्यादा सुनने को मिलीं।
विस्तार
वाराणसी के सर्किट हाउस के सभागार में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की समन्वय बैठक हुई। जनप्रतिनिधियों ने वही पुरानी जलभराव, सड़क पर गड्ढे, क्षतिग्रस्त नाली, सीवर लाइन की समस्याएं रखीं और अफसरों ने भी हर बार की तरह हां समाधान कराएंगे वाला जवाब भी दिया। जबकि पिछले छह महीने में लगभग हर बैठक में इन्हीं मुद्दों पर बात हो रही है।
निवारण के दावे भी हो रहे हैं, लेकिन सीवर लाइन का वही हाल है। सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं और हल्की बारिश में पूरे शहर में जलभराव भी हो रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने मंडुवाडीह थाने के पीछे जलभराव की समस्या के बारे में बताया। हैंडपंप रिबोर न होने की समस्या पर बताया गया कि अब तक 1506 हैंडपंप रिबोर कराए गए हैं।
अजगरा विधायक टी राम ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों और पाइप की गुणवत्ता की समस्या उठाई। इस पर डीएम ने सड़कों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने लोकनिर्माण विभाग द्वारा बनाई गई अमरा चौराहा से चितईपुर मार्ग की बाईं ओर जलभराव, नगर निगम द्वारा नालों के ऊपर डाली गई स्लैब के सही नहीं होने का मुद्दा उठाया।
बुनियादी समस्याओं पर समाधान की बात
खराब स्ट्रीट लाइट, सीवरेज जाम और रामनगर में लोकनिर्माण द्वारा निर्माणाधीन सड़कों के कारण क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइन की समस्याओं को रखा। इस पर विभाग ने जल्द ही समाधान की बात कही। विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने डीएम को इस तरह की समन्वय बैठक के लिए डीएम को धन्यवाद दिया।
महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. सुनील पटेल, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, कमिश्नर मोहित अग्रवाल, वीडीए वीसी पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, सीडीओ हिमांशु नागपाल मौजूद रहे।
कैंप में विधायक ने सुनीं लोगों की समस्याएं
विकास प्राधिकरण सेवा सप्ताह के चौथे दिन बुधवार को कंदवा में कैंप लगाकर जनता की शिकायतों का निस्तारण किया गया। मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक सुनील पटेल, विशिष्ट अतिथि विधायक नील रतन पटेल ने समस्या सुनी। कार्यक्रम की शुरुआत पार्क में पौधा रोपण के साथ हुई।
कैंप में प्राधिकरण के संपत्ति, नियोजन, निर्माण, मानचित्र एवं भवन अनुभाग द्वारा जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया। जनता को प्राधिकरण की रिक्त संपत्तियों के बारे में भी जानकारी दी गई। 3 शमन मानचित्र का निस्तारण किया गया। साथ ही 43 नोटिस प्रकरणों की सुनवाई हुई और 13 शमन मानचित्र दाखिल कराए गये। कैंप में कुल 312 लोगों शामिल हुए।
पीएम से कैंसर के इलाज के लिए मांगी मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय गुरुधाम में बुधवार को विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं को सुनी। उन्होंने समस्याओं को मौके पर ही अधिकारियों से वार्ता कर समाधान कराया। कुछ की समस्याओं को अधिकारियों को अग्रसारित किया। गंगानगर कॉलोनी छित्तूपुर के आनंद वर्मा ने गली में सीवर के पानी निकालने, छोटी गैबी के विष्णु यादव ने कैंसर रोग के इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग की।