सावन माह में लगने वाले कांवरिया शिविरों की तरफ से अपील ...घर में भजें विश्वनाथ, महादेव करेंगे कल्याण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भगवान विश्वेश्वर के प्रिय भक्तों, आप प्रतिवर्ष अटूट विश्वास के साथ काशी विश्वनाथ के दरबार में जल अर्पित करने आते हैं। हम आपकी सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। हम तो इस साल भी सेवा के लिए तैयार हैं, लेकिन कोरोना संक्रमण इसकी इजाजत नहीं दे रहा है। विषम परिस्थितियों में हम आपसे अनुरोध करते हैं कि इस साल भी उसी विश्वास के साथ घर से भगवान विश्वनाथ का ध्यान करें।
घर पर ही पार्थिव शिवलिंग का निर्माण करें और सावन के सोमवार को उनका जलाभिषेक करें। बाबा से यह प्रार्थना करें कि अगले साल पुन: परंपरानुसार काशी आने का सौभाग्य मिले और हम आप की सेवा करके अनुगृहीत हों...
यह शिवभक्तों को भेजे जा रहे संदेश पत्र का मजमून है। श्री बाबा काशी विश्वनाथ भक्त सेवा समिति की ओर से देशभर के हजारों भक्तों को भेजा जा रहा है। कांवरिया सेवा शिविर संचालित करने वाले समिति के अध्यक्ष शिवशंकर वर्मा ने बताया कि संस्था ने तीन लाख से अधिक कांवरियों के नाम पते सुरक्षित रखे हैं। उन फोन नंबरों पर व्हाट्सएप के जरिए संदेश भेजे जा रहे हैं।
महामंत्री लक्ष्मीनारायण जायसवाल ने बताया कि बहुत लोगों ने सिर्फ नाम पता ही दर्ज कराया है। ऐसे लोगों को पोस्ट कार्ड के माध्यम से अनुरोध किया जा रहा है। हमने सभी से अनुरोध किया है कि वह अपने शहर-गांव के शिवालयों में ही जलाभिषेक करें और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान जरूर रखें।
चितरंजन पार्क में नहीं लगेगा शिविर
वाराणसी के चितरंजन पार्क में लगने वाला शिव शक्ति कांवरिया तीर्थयात्री सेवा शिविर भी नहीं लगाया जाएगा। गुरुवार को संस्था के अध्यक्ष नरसिंह दास बाबा के नेतृत्व में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। नरसिंह दास बाबा और सुरेश तुलस्यान ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।