वाराणसी: खुली बैठक में हिस्सा लेंगे प्रधान, आज से शुरू होगा प्रधानों का कार्यकाल
वाराणसी में 694 में से 353 ग्राम पंचायतों में प्रधानों ने मंगलवार को पद की शपथ ली। इसके बाद आज से उनका कार्यकाल शुरू हो जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में ऑनलाइन शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद गुरुवार को नवनिर्वाचित प्रधान ग्राम पंचायतों में पहली खुली बैठक होगी। इस बैठक में हिस्सा लेने के बाद प्रधानों का कार्यकाल शुरू होगा। इसकी रिपोर्ट जिला पंचायत विभाग को दी जाएगी। इसके साथ ही प्रधानों का कार्य शुरू होगा। वहीं 341 ग्राम पंचायतों में प्रधान अभी कार्यकाल शुरू नहीं कर पाएंगे।
जिले की 694 में से 353 ग्राम पंचायतों में प्रधानों ने मंगलवार को पद की शपथ ली। उन्होंने शपथ-पत्र पर हस्ताक्षर कर सचिव को सौप दिए हैं, लेकिन अपना कार्यकाल शुरू करने के लिए उन्हें गांव में खुली बैठक लेनी होगी। बैठक में ग्राम पंचायत सदस्य भी शामिल रहेंगे। बैठक के फोटो पंचायत राज विभाग के पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।
शासन से खुली बैठक के लिए पूर्व में निर्देश जारी हुए थे, जिसके आधार पर प्रधानों को कोरोना संक्रमण को देखते हुए मास्क लगाकर और शारीरिक दूरी का पालन करते हुए बैठक करनी होगी। बैठक में हालांकि गणमान्य लोगों का आना अनिवार्य होता है, लेकिन कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रधान ग्राम पंचायत सदस्य के साथ भी बैठक कर सकते हैं। बैठक में प्रधान गांवों में विकास की कार्ययोजना भी तैयार करेंगे। साथ ही गांव की प्रमुख समस्याओं पर मंथन करेंगे। इसी के आधार पर शासन से ग्राम पंचायतों के लिए जारी होनी वाली धनराशि को खर्च किया जाएगा।
जिला पंचातय राज अधिकारी शाश्वत आनंद सिंह ने बताया कि 27 मई से शपथ लेने वाले प्रधानों का कार्यकाल शुरू होगा। बैठक को लेकर प्रधानों को पूर्व में ही अवगत करा दिया गया है। जिले के 341 प्रधानों का कार्यकाल अभी शुरू नहीं होगा। दरअसल, ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा नहीं होने के चलते उन्हें शपथ भी नहीं दिलाई गई है। पहली बैठक के बाद प्रधान अपने डिजिटल हस्ताक्षर संबंधित बैंक शाखा और विभागीय कार्यालय में जमा करेंगे। इसके बाद शासन से विकास कार्यो को आने वाली धनराशि संबंधित बैंक खातों में स्थानांतरित होगी।