यूपी: मुख्तार अंसारी के गुर्गे मेराज की तलाश में लखनऊ और प्रयागराज में पुलिस का छापा
मऊ सदर विधायक और अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना मुख्तार अंसारी के गुर्गे मेराज उर्फ भाई मेराज की तलाश में वाराणसी पुलिस की दो टीमों ने रविवार को लखनऊ और प्रयागराज में छापा मारा। पुलिस को आशंका है कि बागपत जेल में मारे गए मुन्ना बजरंगी के कभी करीबी रहे लखनऊ निवासी आपराधिक मामलों के आरोपी पूर्वांचल निवासी एक व्यक्ति के पास मेराज छुपा हुआ है। इसी तरह से अतीक के प्रयागराज स्थित ठिकानों में भी मेराज के छुपे होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, लखनऊ और प्रयागराज में मेराज का पता नहीं लग सका।
पहड़िया क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी निवासी मेराज के खिलाफ हाल ही में जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया था। मेराज पर आरोप है कि उसने अपनी पिस्टल के लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए फर्जीवाड़ा किया था। फर्जीवाड़ा उजागर होने पर मेराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी तरह से मेराज के एक अन्य असलहे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कैंट थाने की पुलिस की ओर से डीएम को रिपोर्ट भेजी गई है। मेराज की तलाश में उसके मूल निवास स्थान गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के महेन गांव में छापा मारा था।
इसके बाद पुलिस ने लखनऊ और प्रयागराज का रुख किया, लेकिन कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी। इस संबंध में इंस्पेक्टर जैतपुरा शशिभूषण राय ने बताया कि मेराज वांछित है और उसकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।