धर्म और चमत्कार के नाम पर करते थे ठगी, पुलिस पहुंची तो किया पथराव, पांच हिरासत में
आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र के आतापुर गांव में लोगों की भीड़ जुटाकर धर्म के नाम पर ठगी करने वालों के यहां रविवार दोपहर कार्रवाई करने के लिए पहुंची पुलिस पर समर्थकों ने पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस अपना बचाव करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। जहां इन सभी लोगों से गहनता से पूछताछ की जा रही। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
सीओ बूढनपुर रामजन्म के मुताबिक हिरासत में लिए जाने वालों में तहबरपुर थाने के आतापुर गांव निवासी हरिखेल यादव, चंद्रबली यादव, महेंद्र यादव, सुशील यादव सहित पांच लोग शामिल हैं। सीओ ने बताया कि हरिखेल यादव आतापुर गांव में सड़क के किनारे मकान बनाया है। जहां पर रविवार के दिन क्षेत्र के करीब ढाई सौ से अधिक महिला और पुरुषों को इकट्ठा कर दूसरे धर्म का प्रचार-प्रसार कर रहा था।
चमत्कार के नाम पर लोगों को अंगूठी आदि भी बेच रहा था। गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो मौके पर तहबरपुर थाने की पुलिस पहुंची। जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि हरिखेल यादव अपने घर में बाइबिल, क्रॉस के ढेर सारे निशान, अंगूठियां आदि रखा हुआ था।
पूछताछ के दौरान मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि यह लोग तरह-तरह के चमत्कार दिखाते हैं। इनके यहां से जो कोई अंगूठी या अन्य सामान लेकर जाता है, वह रातों-रात अमीर बन जाता है। लोगों की पीड़ा खत्म हो जाती है। ठगी का मामला उजागर होने पर पुलिस हरिखेल सहित अन्य को हिरासत में लेकर थाने जाने लगी।
इस दौरान वहां मौजूद लोग पुलिस पर पथराव करने लगे। हालांकि पुलिस अपना बचाव करते हुए इन पांच लोगों को अपने साथ लेकर थाने चली आई। जहां इन सभी लोगों से पूछताछ की जा रही। उधर इन लोगों के हिरासत में लिए जाने से नाराज समर्थक नारेबाजी करते हुए सेमरी पुलिस चौकी का घेराव कर लिया।
एसडीएम निजामाबाद वागीश कुमार शुक्ला और सीओ बूढनपुर के आश्वासन पर लोग शांत होकर चले गए। सीओ ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही।