वाराणसीः दस करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की पीएमओ ने मांगी रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दस करोड़ रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रधानमंत्री कार्यालय ने तलब की है। दिसंबर में एक दर्जन से ज्यादा प्रोजेक्ट पूरे हो गए हैं। उनके लोकार्पण के लिए भी अब अंतिम चरण की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि परियोजनाओं के भौतिक सत्यापन के लिए जनवरी के अंतिम सप्ताह में पीएमओ की एक टीम भी आ सकती है। ऐसे में प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में कई परियोजनाएं पूरी हुईं। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार वर्चुअल और एक बार काशी आगमन के साथ ही परियोजनाओं की सौगात दी। दिसंबर 2020 तक कई और परियोजनाओं के पूरा होने के बाद अब नए सिरे से इनके लोकार्पण की तैयारियां तेज होने लगी हैं। यही कारण है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने अब तक पूरी होने वाली परियोजनाओं की रिपोर्ट तलब की है। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री कार्यालय की टीम वाराणसी में चल रही परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देगी। कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर फीडबैक भी लिया जाएगा। दरअसल, जिला प्रशासन ने पीएमओ को जानकारी दी है कि ज्यादातर परियोजनाएं पूरी हो गई हैं। इसमें सबसे अहम 100 बेड का मदर एंड चाइल्ड विंग और क्षेत्रीय नेत्र संस्थान की परियोजना सबसे अहम है।
कोरोना काल में मिली है बनारस को सौगात
नौ नवंबर को वर्चुअल कार्यक्रम में सारनाथ के ध्वनि और प्रकाश शो, सर्किट हाउस के सभागार, आईपीडीएस सहित 600 करोड़ रुपये लागत के परियोजनाओं की सौगात दी थी। इसके बाद देव दीपावली पर पीएम मोदी ने हड़िया वाराणसी खंड के सिक्सलेन को राष्ट्र को समर्पित किया था।
इन परियोजनाओं को लोकार्पण का इंतजार
- बीएचयू का 100 बेड का एमसीएच विंग
- बीएचयू ट्रामा सेंटर का यूपीएस स्टोर रूम
- बीएचयू के शिक्षक आवास
- क्षेत्रीय नेत्र संस्थान, बीएचयू
- राष्ट्रीय राजमार्ग-29, वाराणसी-गोरखपुर खंड
- दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में 50 बेड का महिला चिकित्सालय
- अस्सी घाट से राजघाट के बीच क्रूज का संचालन
- न्यायालय परिसर में 16 कक्षीय भूतल सहित आठ मंजिला भवन
सभी परियोजनाओं की मॉनिटरिंग कराई जा रही है और उन्हें समय पर पूरा कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है। समय-समय पर परियोजनाओं के निर्माण की समीक्षा हो रही है। -कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी, वाराणसी।