Varanasi News: चार जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र आ सकते हैं पीएम मोदी, देंगे परियोजनाओं की सौगात
उत्तर प्रदेश में योगी-2 सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। पीएम मोदी चार जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर बनारस आ सकते हैं।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार जुलाई को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर बनारस आ सकते हैं। प्रधानमंत्री के आगमन की सुगबुगाहट के साथ ही प्रशासन लोकार्पण और शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं को पूरा करने में जुट गया है। इस दौरे में पीएम मोदी करीब दो दर्जन से ज्यादा परियोजनाओं का लोकार्पण और एक दर्जन से ज्यादा परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
इसके साथ ही काशीवासियों से भी संवाद का कार्यक्रम भी तय किया जा रहा है। प्रदेश में योगी-2 सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। शासन स्तर से मिले संकेत के बाद दो दिवसीय दौरे की रूपरेखा बनाई जा रही है।
जनसभा को कर सकते हैं संबोधित
दरअसल, शिक्षा मंत्रालय की ओर से वाराणसी में नई शिक्षा नीति के मंथन के लिए देशभर के कुलपतियों के प्रस्तावित सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में पूरी हो चुकी परियोजनाओं की सौगात भी काशीवासियों को देंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पीएम चार और पांच जुलाई को वाराणसी में प्रवास करेंगे। इस दौरान पीएम जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। यहां बता दें कि विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र में प्रवास किया था। अब जुलाई में पीएम मोदी का अगर दौरा तय होता है तो वे करीब चार महीने बाद अपने संसदीय क्षेत्र में आएंगे।
इन प्रमुख परियोजनाओं को होगा लोकार्पण
- - नमो घाट के पहले चरण की परियोजना
- - चौकाघाट लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे नाइट बाजार
- - दशाश्वमेध घाट पर बनकर तैयार प्लाजा
- - ग्रामीण इलाके में बने दमकल स्टेशन
- - कैंट से गोदौलिया के बीच प्रस्तावित रोपवे
- - रामनगर से पड़ाव के बीच रिवर फ्रंट परियोजना
- - काशी विश्वनाथ धाम को जोड़ने वाला पैडस्ट्रियन ब्रिज
- - सिगरा स्टेडियम में मल्टीपल इंडोर स्टेडियम