पीएम मोदी कोरोना वायरस और लॉकडाउन के बीच कल जानेंगे काशी में विकास कार्यों की हकीकत
- वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए लॉकडाउन की वजह से ठप पड़े विकास कार्यों को गति और काशी को नई सौगात देने के लिए समीक्षा करेंगे।
- विकास की बाधाओं को दूर करने की बन रही रणनीति, वर्तमान और भविष्य की परियोजनाओं पर तैयार है रिपोर्ट।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के विकास कार्यों की हकीकत जानेंगे। वह कोरोना वायरस को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन की वजह से ठप पड़े विकास कार्यों को गति और काशी को नई सौगात देने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। पीएमओ से इसकी सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन समीक्षा बैठक तैयारी में जुट गया है।
केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व में दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के बाद देश भर में भाजपा विभिन्न कार्यक्रम कर रही है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लागू लॉकडाउन की वजह से बनारस सहित देशभर में विकास परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। हालांकि वाराणसी में प्रशासन ने मई महीने से परियोजनाओं और विकास कार्यों को शुरू करवा दिया है।
मगर ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि कई परियोजनाओं के पूरा होने की समय सीमा बढ़ सकती है। वाराणसी के विकास की वर्तमान हकीकत और भविष्य की योजनाओं पर पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बात करेंगे। सूत्रों की माने तो इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
विकास की बाधाओं को दूर करने की बन रही रणनीति
समीक्षा बैठक की सूचना के बाद परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और पूरा होने की जानकारी के साथ ही बाधाओं को दूर करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। कई ऐसी परियोजना भी हैं जिन पर काम नहीं शुरू हो पाया। इसमें रामनगर में बने बंदरगाह के पास प्रस्तावित योजना, खिड़किया घाट पर प्रस्तावित इंटर मॉडल स्टेशन सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। ऐसे में इनमें आ रही रुकावट को दूर करने के उपाय पर भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
वर्तमान और भविष्य की परियोजनाओं पर तैयार है रिपोर्ट
लॉकडाउन 4.0 के समाप्त होने से पहले ही प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रदेश सरकार के माध्यम से वाराणसी के परियोजनाओं की रिपोर्ट मांगी थी। जिला प्रशासन ने प्रत्येक परियोजना की विस्तृत जानकारी के साथ रिपोर्ट शासन को भेजी थी।
लॉकडाउन में किए गए कामों की भी जानकारी पर रिपोर्ट तैयार
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हुए लॉक डाउन में वाराणसी में लाखों लोगों तक भोजन पहुंचाने से लेकर बचाव आदि के लिए भरसक प्रयास किये गए। 70 दिन से ज्यादा तक की गई कवायद पर भी एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है। माना जा रहा है कि इस दौरान रिंग रोड, रमना एसटीपी, डोमरी के हेलीपोर्ट सहित परियोजनाओं के साथ कोरोना काल के कामों की भी समीक्षा होगी।
बनारस के कॉम्प्रहेन्सिव मोबिलिटी प्लान पर भी हो सकती है चर्चा
वाराणसी में जाम की समस्या से निजात के लिए कॉम्प्रहेन्सिव मोबिलिटी प्लान बनाया गया है। इसमें लाइट मेट्रो, रोपवे और वाटरवेज को शामिल कर प्रस्ताव तैयार किया गया है। उम्मीद है कि शुक्रवार को इस प्रस्ताव पर चर्चा के साथ इसे गति देने पर निर्णय लिया जा सकता है।
सेवापुरी को आदर्श ब्लॉक बनाने के लिए नीति आयोग की बैठक आज
केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं को पूरी तरह लागू करके सेवापुरी को आदर्श ब्लॉक बनाने की तैयारी है। इसके लिए नीति आयोग ने सेवापुरी ब्लॉक को लेकर पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। अब तक किये गए काम और भविष्य की कार्ययोजना पर नीति आयोग के अधिकारी गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक करेंगे।
जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को वाराणसी की परियोजनाओं की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से सूचना मिली है। समय की जानकारी अभी नहीं मिली है। हम पूरी तैयारी कर रहे हैं।