श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण और स्वर्वेद महामंदिर कार्यक्रम के लिए दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच चुके हैं। वायुसेना के विशेष विमान से पीएम मोदी सुबह 10:15 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट उतरे। नेताओं से मुलाकात के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से होते हुए प्रधानमंत्री काशी के कोतवाल काल भैरव का दर्शन करने पहुंचे।
पीएम मोदी करीब 11:00 बजे मंदिर पहुंचे। बाबा काल भैरव का विधि विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान पुजारियों के द्वारा काल भैरव अष्टकम मंत्र का जाप किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रुद्राक्ष की माला, गजरा, केशरी रंग का साल, स्मृति चिन्ह और प्रसाद भेंट किया गया।
गूंजा हर-हर महादेव
पीएम मोदी ने काल भैरव बाबा की आरती करने के बाद उनकी चौखट पर अपना मत्था टेका और मंदिर की फेरी लगाते हुए निकास द्वार से 11: 15 बजे बाहर निकल गए। इस दौरान लोगों ने हर-हर महादेव का नारा लगाकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया और राजघाट की ओर निकल गए।
इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री मौजूद रहे। वहां क्रूज में सवार होकर ललिता घाट पहुंचेंगे। ललिता घाट की जेटी पर उतरकर गंगाजल का कलश लेकर गर्भगृह में जाएंगे। मंदिर में ब्राह्मणों द्वारा महादेव का जलाभिषेक व विधिवत पूजन-अर्चन कराया जाएगा।
इन लोगों ने की पीएम की अगवानी
बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री आशुतोष टंडन, मंत्री नीलकंठ तिवारी, मंत्री अनिल राजभर, सांसद वीपी सरोज, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, महिला शक्ति पूजा दीक्षित समेत कई विधायकों, नेताओं और अधिकारियों ने की। इधर, काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण का उत्साह चरम पर है। काशी ही नहीं संपूर्ण दुनिया बाबा के धाम के वैभव को देखकर अभिभूत है।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ कॉरिडोर: पीएम मोदी आज विश्व को समर्पित करेंगे भव्य धाम, यहां जानें इसके बारे में सब कुछ