पीएम मोदी का भोजपुरिया अंदाज: पिंडरा के लोगन के प्रणाम करत हईला, जौनपुर के बंधु-भगिनी के भी प्रणाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काशी के सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने चिर परिचित अंदाज में भोजपुरी से भाषण की शुरुआत कर लोगों का मन मोह लिया। प्रधानमंत्री ने कहा पिंडरा के लोगन के प्रणाम करत हईला। पड़ोस के जिला जौनपुर के सब बंधु एवं भगिनी लोगन के भी प्रणाम। इससे पहले डायस पर आते ही हर हर महादेव का नारा लगाया। इसके बाद त्रिलोचन महादेव और माता शीतला चौकिया देवी का भी जयकारा लगाया।
पीएम ने अपने भाषण में रोहनिया, सेवापुरी के साथ ही बलिया से लेकर भदोही तक का जिक्र किया। पीएम ने काशी की पहचान को हेल्थ, एजुकेशन व रिसर्च हब के रूप में सशक्त करने के वादे को भी दोहराया। साथ ही विकास योजनाओं पर स्थानीय लाभ के साथ के साथ विस्तार से बात की। पीएम ने काशी के विकास को देश के सामने मॉडल के तौर पर प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि विकास की जब बात आती है तो काशी अपने आप में एक मॉडल बन रहा है। पुरातन पहचान को बनाए रखते हुए, हमारे शहर नूतन काया कैसे धारण कर सकते हैं, ये काशी में दिख रहा है। करीब 35 मिनट के भाषण में पीएम ने काशी से अपना जुड़ाव बनाए रखा।
दिल्ली, आगरा और प्रयागराज जाना होगा आसान
पीएम के हाथों शिलान्यास हुई लहरतारा-मोहनसराय सिक्स लेन और चांदपुर अकेलवा मार्ग भी काशी की नई पहचान बनेंगे। पीएम ने इन रास्तों से होने वाले लाभ गिनाए। कहा कि वाराणसी कैंट से लहरतारा होते हुए प्रयागराज की तरफ हाइवे जाता है, इस पर कितना दबाव रहता है, ये आपसे अच्छा कौन जानता है।
अब जब ये सिक्स लेन हो जाएगा तो दिल्ली, आगरा, कानपुर, प्रयागराज से आने-जाने वाले यात्रियों और सामान ढुलाई, सभी के लिए सुविधा होगी। यही नहीं, शहर के दूसरे क्षेत्रों के लिए भी अब आनाजाना और आसान हो जाएगा। ये सड़क जिले के प्रवेश द्वार की तरह विकसित होगी। वाराणसी-भदोही-गोपीगंज सड़क के चौड़ीकरण से शहर से निकलने वाली गाड़ियां रिंग रोड फेज-2 से होते हुए बाहर से जा पाएंगी। इससे भारी जाम से मुक्ति मिलेगी।