महंगाई: डीजल के दामों में वृद्धि से माल की आवक प्रभावित, सब्जियों के दाम बढ़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीजल-पेट्रोल मूल्यवृद्धि के चलते माल की आवक प्रभावित होने लगी है। पहड़िया मंडी में आलू, प्याज और अन्य फल सब्जियों की आवक कम हो गई है। ट्रांसपोर्टरों द्वारा माल भाड़े में बढ़ोतरी कर दी गई है। वहीं इसका असर वस्तुओं के दाम पर भी देखने को मिल रहा है।
पहड़िया मंडी में महाराष्ट्र, नासिक से जो अंगूर, प्याज की गाड़ी पहले 80 से 90 हजार में आती थी, अब वह एक लाख 40 हजार में पहुंच रही है। वहीं आंध्र प्रदेश से मुसम्मी लेकर जो गाड़ी पहले एक लाख में आती थी, अब वह सवा लाख से डेढ़ लाख में आ रही है। इसके साथ ही अन्य राज्यों और शहरों को जाने वाली गाड़ियों ने भी माल भाड़े में बढ़ोतरी कर दी है।
ट्रांसपोर्टरों ने माल भाड़े में बढ़ोतरी कर दी है
आढ़तियों के अनुसार बहुत से ट्रांसपोर्टरों ने माल भाड़े में बढ़ोतरी कर दी है तो वहीं कुछ ट्रांसपोर्टरों ने अभी दाम नहीं बढ़ाया, हालांकि खर्च बढ़ने के कारण गाड़ियों को वह सड़क पर निकाल नहीं रहे हैं। इस वजह से मंडी में गाड़ियों की कमी है। इसका पूरा असर माल पर पड़ रहा है। प्याज की गाड़ियां जो पहले 17 से 18 रोजाना मंडी में पहुंचती थी, अब वह छह से सात पर आ गई हैं।
शुक्रवार को पहड़िया मंडी में नासिक से आने वाले प्याज की कीमत 51 से 52 सौ रुपये प्रति क्विंटल रहा। वहीं गुजरात के भावनगर प्याज की कीमत 4700-4800 रुपये प्रति क्विंटल और बंगाल के प्याज की कीमत 3700 से 4000 रुपये प्रति क्विंटल रहा। इसके अलावा मिर्च, अदरक और मटर लेकर आने वाली गाड़ियों के भाडे़ में वृद्धि जारी है। पंजाब, नागपुर, नासिक, आंध्र से आने वाले फलों के दाम भी चढ़ गए हैं। इसके पीछे कारण एकमात्र माल भाड़े में बढ़ोतरी बताया जा रहा है।
- सामान पहले अब
- मिर्चा 40 44
- प्याज 45 48-50
- आलू 12 10-12
- गाजर 20 20
- कटहल 55 60
- लहसुन 120 120
- अदरक 40 40
- मटर 25 30
- सेव 120 150
- संतरा 40-50 60-80
- अंगूर 80 80
- अनार 120 140
- पपीता 30 40
नोट-सभी सामानों के दाम प्रति किलो में दर्ज है।