पेपर लीक मामला : सरकार से अंजू कटियार के खिलाफ अभियोजन की अनुमति अभी तक नहीं मिली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में हुई धांधली का एसटीएफ ने खुलासा किया तो जिले की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रयागराज से उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक अंजू कटियार को गिरफ्तार कर लिया। अंजू को गिरफ्तार हुए ढाई महीने से ज्यादा समय बीत गया, लेकिन उनके खिलाफ अभियोजन की अनुमति शासन स्तर से अब तक नहीं मिल सकी है।
इसे लेकर प्रकरण की तफ्तीश कर रही पुलिस की स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम(एसआईटी) का कहना है कि यही हाल रहा तो आगामी 30 अगस्त को 90 दिन बीत जाएंगे और जमानत पाने के लिए अंजू के पास ठोस आधार होगा।
28 मई 2019 को एसटीएफ ने चोलापुर क्षेत्र से कोलकाता निवासी प्रिंटिंग प्रेस मालिक कौशिक कुमार को गिरफ्तार कर शिक्षक भर्ती परीक्षा में हुई धांधली का खुलासा किया था। कौशिक से मिली जानकारी के आधार पर 30 मई को प्रयागराज से आयोग की परीक्षा नियंत्रक अंजू कटियार को गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण में सात अन्य आरोपियों की पुलिस को तलाश है। परीक्षा के अभ्यर्थियों और गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ ही साक्ष्य एकत्र कर पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रखी है, लेकिन अंजू के खिलाफ अभियोजन की अनुमति शासन स्तर से नहीं मिल पा रही है। इस संबंध में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि विवेचक की ओर से अभियोजन की अनुमति के लिए पत्र भेजा गया है। जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।