Varanasi: कोटा-पटना एक्सप्रेस के यात्रियों ने फर्जी टीटीई को दबोचा, जनरल बोगी में चेक कर रहा था टिकट
कोटा-पटना एक्सप्रेस के जनरल बोगी में गुरुवार को यात्रियों का टिकट चेक कर रहे फर्जी टीटीई को यात्रियों ने पकड़ लिया। उसके कब्जे से दर्जनभर डेबिट कार्ड भी मिले हैं।
विस्तार
कोटा-पटना एक्सप्रेस की जनरल बोगी टिकट जांच के नाम पर अवैध वसूली कर रहे फर्जी टीटीई को यात्रियों ने दबोच लिया। ट्रेन जब वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंची तो जीआरपी ने आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान सुलतानपुर के शास्त्री नगर निवासी मोहम्मद यूसुफ के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक कोटा पटना के जनरल बोगी में सुल्तानपुर से आगे निहालगढ़ में एक टीटी जनरल बोगी में चढ़ा और यात्रियों का टिकट जांचने लगा। गले में आईआरसीटीसी का पट्टा देख यात्रियों को टीटी पर शक हुआ। यात्रियों ने टीटी की वैधता पर सवाल उठाते हुए उसका आई कार्ड मांगा।
आई कार्ड के पट्टे में लटका मिला आधार कार्ड
यात्रियों ने उसके गले में लटका आई कार्ड निकाला तो उसमें आधार कार्ड था। इसके बाद यात्रियों ने टीटी को पकड़ कर जीआरपी कंट्रोल रूम को सूचना दी। कंट्रोल रूम ने इसकी सूचना जीआरपी कैंट को दी। करीब पौने चार बजे कैंट स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी ने आरोपी को हिरासत में लिया।
जीआरपी कैंट प्रभारी हेमंत सिंह के मुताबिक कोटा पटना एक्सप्रेस से पकड़ा गया फर्जी टीटी सुल्तानपुर के शास्त्री नगर का निवासी है। उसने बताया कि उसे सुल्तानपुर के नारमल चौराहा निवासी मोहम्मद साहिल खान ने फर्जी कागजात दिए हैं।
दर्जनभर डेबिट कार्ड बरामद
जीआरपी के मुताबिक मोहम्मद यूसुफ 26 सितंबर को लखनऊ से चेन्नई और चेन्नई से क्वालालमपुर की यात्रा कर चुका है। उसके पास से अमेठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काम करने वाले मोहम्मद साहिल से मिले फर्जी कागज बरामद हुए, जिसमें उसे 26 जून 2022 से कार्य करते हुए दिखाया गया है। उसके कब्जे से दर्जनभर डेबिट कार्ड भी मिले हैं। आरोपी मुंबई में टैक्सी चलाने का भी काम कर चुका है।