पंचायत चुनाव: आरक्षण ने बदला समीकरण, दावेदार अब चहेते उम्मीदवार लड़ाएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचायत चुनाव में सीटों के आरक्षण की सूची ब्लॉक मुख्यालयों पर चस्पा होने के बाद गांवों में कई दावेदारों का समीकरण बदल गया। जहां अनुसूचित जाति की सीट थी वहां सामान्य हो गई। जहां सामान्य थी, वहां ओबीसी हो गई। इससे कई दावेदारों के मंसूबे पर पानी फिर गया है। अब बदली रणनीति के तहत दावेदार चहेते उम्मीदवार को मैदान में उतारेंगे। गांवों में नए सिरे से खेमेबंदी शुरू हो गई है।
वाराणसी के आठ ब्लॉकों पर सूची चस्पा होने के बाद देखने वालों की भीड़ जुटने लगी। कहीं खुशी दिखी तो कहीं गम। कुछ नाराज हुए तो अधिकारियों ने कहा कि आपत्ति करने का समय आठ मार्च तक दिया गया है। आपत्ति करें जिसका निस्तारण किया जाएगा। सूची चस्पा होने के बाद मायूस दावेदारों ने आरक्षण की काट निकालकर प्रधान अपना उम्मीदवार मैदान में उतारने की कोशिश में जुट गए हैं। विरोधी खेमे की रणनीति के अनुसार ही यह अपना पत्ता खोलेंगे।
वहीं चोलापुर ब्लॉक प्रमुख का पद सामान्य होने पर कई प्रधान क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव में जोर आजमाएंगे। कई चर्चित ग्राम प्रधान ब्लॉक मुख्यालय पर आरक्षण सूची को देखने के लिए बैठे रहे। चोलापुर ब्लाक के ग्राम प्रधान रह चुके मंगोलेपुर जयप्रकाश सिंह ने बताया कि वह क्षेत्र पंचायत का चुनाव लड़ेंगे और ग्राम पंचायत में अपना उम्मीदवार भी उतारेंगे।
हाजीपुर के ग्राम प्रधान मनोज चौबे ने बताया कि आरक्षण की प्रक्रिया पर आपत्ति दर्ज कराएंगे। उधोरामपुर के ग्राम प्रधान पुष्पा सिंह के पति जय प्रकाश सिंह ने बताया कि सामान्य सीट को पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित किया गया है। अब पंचायत चुनाव अपने उम्मीदवार को लड़ाएंगे। टिसौरा ग्राम सभा सुरक्षित होने पर वहां पर सुरक्षित जाति के प्रत्याशी मैदान में ताल ठोकेंगे।
बेला ग्राम पंचायत की त्रुटि को सुधारा
बुधवार को चोलापुर ब्लाक पर पंचायत आरक्षण की सूची चस्पा की गई। बेला ग्राम पंचायत की त्रुटि को सुधारते हुए सूची दोपहर बाद चस्पा कराई गई। चिरईगांव विकास खंड में जिला पंचायत सदस्य की चारों सीटें आरक्षित होने पर कई दावेदारों को झटका लगा है। सेक्टर एक सामान्य सीट की संभावना मानकर कई दावेदार महीनों से मेहनत कर रहे थे। पंचायत चुनाव में ब्लॉक प्रमुख का चुनाव भी अहम भूमिका निभाएगा।