वाराणसी: एयरपोर्ट पर शुरू हुई पेड पोर्टर की सुविधा, तय शुल्क में यात्रियों को मिलेगी सुविधा
वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं में एक और इजाफा हुआ है। पेड पोर्टर सेवा की शुरुआत हो गई है। अब यात्रियों को अपने सामान को लाने और ले जाने के लिए आसानी से पोर्टर मिल सकते हैं।
विस्तार
वाराणसी के बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं में एक और इजाफा हुआ है। एयरपोर्ट पर मिट एंड ग्रेट पेड पोर्टर सर्विस की शुरुआत हो गई है। इसका शुभारंभ एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल ने मंगलवार को फीता काटकर किया।
एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र में प्रस्थान गेट के बाहर और आगमन क्षेत्र में पेड पोर्टर के काउंटर सर्विस की सुविधा दी गई है, जहां से इसका लाभ लिया जा सकता है। पेड पोर्टर सर्विस चालू हो जाने से यात्रियों को अपने सामान को लाने और ले जाने के लिए आसानी से पोर्टर मिल सकते हैं। वृद्ध और दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर भी इन काउंटर से उपलब्ध होगी।
साथ ही नवजात शिशुओं के लिए भी बच्चा गाड़ी उपलब्ध हो सकेगी। इन सुविधाओं के साथ ही यात्रियों को होटल बुकिंग, टैक्सी बुकिंग, फ्लाइट टिकट बुकिंग व अन्य सहायता भी पोर्टर के माध्यम से उपलब्ध हो जाएगी।
यात्रियों को शुल्क का करना होगा भुगतान
पोर्टर काउंटर से सुविधाओं के लिए यात्रियों को 50 से 200 रुपयों तक का भुगतान करना होगा। इन्हीं निर्धारित शुल्कों के आधार पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यात्री एयरपोर्ट पर पहुंचने से पूर्व ही 9219527779 पर कॉल कर एयरपोर्ट पर पहुंचने से पहले सुविधा के लिए बुकिंग करा सकेंगे।
एयरपोर्ट पर रामचरित मानस पाठ का आयोजन
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के यूनियन कार्यालय में मंगलवार को रामचरित मानस (सुंदर कांड) पाठ का आयोजन किया गया। एयरपोर्ट निदेश अर्यमा सान्याल और यूनियन लीडर सुभाष तिवारी ने रामचरित मानस पाठ का शुभारंभ किया। इस मौके पर शक्ति त्रिपाठी, रंजीत वर्मा, समरजीत सिंह, पीके मिश्रा, शिवनाथ, जेपी दुबे, शंभूनाथ, सतीश शुक्ला, रामानंद, मनोज, श्यामा पाल, सर्वेश कुमार, लल्लन चौधरी, शिव शंकर शर्मा, जयदेव मुकेश और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।