काशी को एक और सौगातः गांधी नगर-वाराणसी सुपरफास्ट स्पेशल को पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी
स्मार्ट सिटी गांधीनगर (गुजरात) से पवित्र नगरी वाराणसी के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन का वर्चुअल शुभारंभ शुक्रवार को प्रधानमंत्री के हाथों हुआ। यह ट्रेन नियमित तौर पर 21 जुलाई से चलेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी दौरे के दौरान करोड़ों की सौगात दी थी। वहीं, शुक्रवार को भी पीएम मोदी ने काशीवासियों को सौगात दी। प्रधानमंत्री के गृहराज्य को उनके संसदीय क्षेत्र से जोड़ने वाली ट्रेन का शुभारंभ हुआ। स्मार्ट सिटी गांधीनगर (गुजरात) से पवित्र नगरी वाराणसी के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन को पीएम मोदी ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर वाराणसी के लिए रवाना किया। कैंट रेलवे स्टेशन पर बड़ी एलईडी स्क्रीन पर नई ट्रेन सेवा का सीधा प्रसारण हुआ। यह ट्रेन शनिवार शाम कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन से उतरते ही यात्रियों का उत्तर रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्वागत किया जाएगा।
यह ट्रेन नियमित तौर पर 21 जुलाई से चलेगी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार के मुताबिक, ट्रेन संख्या 04273 वाराणसी-गांधीनगर कैपिटल सुपरफास्ट स्पेशल प्रत्येक बुधवार को वाराणसी से दोपहर 03.15 बजे प्रस्थान करेगी।
अगले दिन दोपहर 03.20 बजे गांधीनगर कैपिटल पहुंचेगी। वापसी में 04274 गांधीनगर कैपिटल-वाराणसी सुपरफास्ट स्पेशल गांधीनगर कैपिटल से प्रत्येक बृहस्पतिवार को रात्रि 11.15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात्रि 11.30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के डिब्बों वाली यह स्पेशल ट्रेन प्रयागराज जं, गोविन्दपुरी, झांसी, बीना, संत हृदयरामनगर, उज्जैन, रतलाम, गोधरा, छायापुरी, आनंद और अहमदाबाद में दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
बता दें कि नई ट्रेन के साथ अब वाराणसी से गुजरात के शहरों के लिए चार ट्रेनें हो जाएंगी। वाराणसी से अब तक साबरमती, महामना और बनारस-ओखा एक्सप्रेस सीधी ट्रेनें हैं। साबरमती हर रविवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को है। जबकि वाराणसी-ओखा हर रविवार और महामना हर शुक्रवार रवाना होती है। अब बुधवार को भी एक नई ट्रेन की सौगात मिल गई है।