भदोही: बाइक की भिड़ंत में एक की मौत, हेलमेट हैंडल की जगह सिर पर होता तो बच जाती जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भदोही कोतवाली क्षेत्र के चौरी रोड अभयनपुर मैदान के समीप शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे आमने सामने हुई दो बाइकों की टक्कर में एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जौनपुर जिले के बरसठी थानाक्षेत्र के परियत निवासी शिवसागर पांडेय (54) के रूप में हुई है। दुर्घटना के वक्त मृतक के बाइक के हैंडल में हेलमेट टंगा था।
घटनास्थल पर जुटी भीड़ में चर्चा थी कि यदि हेलमेट हैंडल में टांगने की बजाए पहने होता तो जान बच सकती थी। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चर्चा थी कि बाइक सवार दो युवक मोबाइल छीनकर भाग रहे थे, तभी सामने से आ रहे शिवसागर को टक्कर मार दी। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई।
शिवसागर पांडेय बाइक पर अकेले चौरी से भदोही की ओर आ रहे थे। विपरीत दिशा से बाइक पर सवार दो युवक बड़ी तेजी से जा रहे थे। शिवसागर की बाइक को टक्कर मारते हुए वे फरार हो गए। मौके पर जुटी भीड़ में से लोगों ने बताया कि फरार बाइक सवार भी असंतुलित हुए थे और यदि गिरते तो शायद गंभीर रूप से चोटिल होते। सूचना पाकर मौके पर पहुंची यूपी-112 और कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
कोतवाली इंस्पेक्टर सीके पूरी ने बताया कि मृतक शिवसागर के परिजनों को सूचना दे दी गई है। बताया कि मृतक के सिर में गंभीर चोट लगने से अधिक रक्तस्राव हो गया था। मोबाइल छीनकर भाग रहे बाइक सवारों से भिड़त की बात पर नई बाजार चौकी प्रभारी अविनाश त्रिपाठी ने कहा कि भीड़ में शामिल किसी ने यह बात कही, लेकिन मोबाइल छिनैती की कोई शिकायत कहीं से मिली नहीं।