वाराणसी: जमीन कारोबारी की हत्या में दो सगे भाई सहित तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा, कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
- रोहनिया थाने की पुलिस तीन लोगों से कर रही पूछताछ, सीसी कैमरों की फुटेज के साथ खंगाली गई मोबाइल की कॉल डिटेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में अखरी निवासी जमीन कारोबारी एनडी तिवारी उर्फ गुड्डू (50) की हत्या के संबंध में रोहनिया थाने में तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। एनडी तिवारी के भाई डीपी तिवारी का आरोप है कि जमीन विवाद की रंजिश में सगे भाई नीरज पांडेय व धीरज पांडेय के अलावा दयानाथ पांडेय और दो अन्य बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस प्रकरण में एक नामजद सहित तीन लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज और एनडी तिवारी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।
रोहनिया थाना अंतर्गत अखरी निवासी नारायण दत्त तिवारी सोमवार की रात बाइक से शूलटंकेश्वर मंदिर गए थे। दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने अपने दो परिचित युवकों से बातचीत की और फिर बाइक से घर के लिए निकले। एनडी तिवारी के छोटे भाई का आरोप है कि रास्ते में कुरहुआ में दो बाइक सवार पांच बदमाशों ने उनके बड़े भाई पर अंधाधुंध फायरिंग की।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ कर आए तो हमलावर सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाने पर डॉक्टरों ने एनडी तिवारी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, एनडी तिवारी के शरीर में बाएं तरफ गर्दन में और सीने के नीचे नजदीक से पांच गोली मारी गई थी। रोहनिया थाने की पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार .32 बोर के असलहे से वारदात को अंजाम दिया गया है। नामजद किए गए लोगों के अलावा भी एनडी तिवारी के जमीन और पैसे के लेनदेन से जुड़े अन्य विवादों को खंगाला जा रहा है।
गले में लगी गोली न मिलने के कारण शव भेजा गया एक्सरे के लिए
एनडी तिवारी के गले में लगी गोली का पोस्टमार्टम में पता नहीं लगा। इस वजह से शव को पोस्टमार्टम हाउस से मंडलीय अस्पताल में एक्सरे के लिए भेजा गया। वहां से शव आने के बाद पोस्टमार्टम में देरी होने लगी तो मौजूद लोगों ने हो-हल्ला शुरू कर दिया। इसके बाद जाकर फिर पोस्टमार्टम शुरू हुआ। देर शाम पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया तो हरिश्चंद्र घाट पर अंत्येष्टि की गई।
अंतिम संस्कार में समाज के अलग-अलग वर्ग के कई संभ्रांत लोग मौजूद रहे। उधर, राजस्थान में पढ़ने वाला एनडी तिवारी का बेटा हर्ष आया तो उसका रोना देख पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद लोगों की आंखें भी डबडबा उठीं। इसके साथ ही एनडी तिवारी की पत्नी सुमन और दोनों बेटियों की हालत बेसुधों जैसी थी। परिजनों ने बताया कि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। वहीं, एनडी तिवारी के छोटे भाई डीपी तिवारी को परिजन बड़ी ही मुश्किल से संभाले हुए थे।
जमीन से जुड़े दो विवाद अहम
एनडी तिवारी की हत्या में पुलिस कुरहुआ और चंदौली जिला स्थित दो जमीन से जुड़े विवाद को अहम मान कर जांच कर रही है। चर्चा यह भी है कि चंदौली की जमीन से पीछे हटने के लिए एक कुख्यात शूटर ने भी एनडी तिवारी को फोन कर धमकाया था। इसके अलावा डीपी तिवारी ने पुलिस को बताया कि कुरहुआ स्थित जमीन के विवाद को लेकर गया पांडेय के सामने आरोपी नीरज पांडेय ने कहा था कि एनडी तिवारी की गोली मार कर हत्या कर दूंगा।
एनडी तिवारी और नीरज पांडेय के परिवार के लोगों के बीच जमीन विवाद को लेकर पहले से मुकदमेबाजी भी चल रही थी। रोहनिया थाने की पुलिस का कहना है कि जमीन की खरीद-बिक्री का काम करने के कारण और पैसे के लेनदेन के कारण एनडी तिवारी की तमाम लोगों से रंजिश थी। मगर, हाल के दिनों के यही दो अहम विवाद थे। तफ्तीश कर वारदात की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।