भूत-प्रेत के शक में हत्याः वाराणसी में बुजुर्ग को लाठी-डंडे से वार कर मार डाला, भतीजों ने ही वारदात को दिया अंजाम
भवानीपुर गांव में रविवार को दो भाइयों और उनके परिवार के लोगों के बीच मारपीट हुई। मारपीट की घटना में बुजुर्ग राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। भूत-प्रेत कराने के आरोप में दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के भवानीपुर गांव स्थित दलित बस्ती में रविवार सुबह दो भाइयों के परिवार के बीच भूत-प्रेत के चक्कर में मारपीट हो गई। लाठी-डंडे से मारपीट में घायल राजेंद्र (60) की मौत हो गई। घटना में परिवार की तीन महिलाएं भी जख्मी हो गई। मौके पर पहुंची शिवपुर थाने की पुलिस शव कब्जे में लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। एहतियातन बस्ती में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
शिवपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर के दलित बस्ती में रहने वाले पेशे से पेंटर राजेंद्र अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। दूसरे नंबर पर राजाराम और सबसे छोटे नंदलाल है। दो दिन पूर्व राजाराम की पुत्री माला और पूजा की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसे लेकर राजाराम के बेटे किशन और संजय शनिवार शाम राजेंद्र के घर पहुंचकर भूत प्रेत कराने का आरोप लगाते हुए मारपीट किया।
उस दौरान किसी तरह पड़ोसियों ने समझा-बुझाकर दोनों को हटाया। रविवार सुबह लगभग नौ बजे इसी बात को लेकर राजाराम के बेटे किशन, महेंद्र और संजय, बहू मालती हाथों में लाठी- डंडे लेकर राजेंद्र के घर पहुंचे और मारने-पीटने लगे। सिर पर चोट लगने से लहुलुहान राजेंद्र की कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हमले में राजेंद्र की बहू काजल, सास लक्ष्मीना देवी एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई।
आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से भाग निकले। डायल-112 पर सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची शिवपुर थाने की पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, घटना के बाद आरोपी राजाराम के परिवारजन घर छोड़कर फरार हो गए। पिता की मौत की सूचना मिलते ही बेटे अनिल और मनोज और चार पुत्रियों में कोहराम मच गया।
भूत-प्रेत के चक्कर में हत्या की सूचना पाकर डीसीपी वरूणा विक्रांत वीर, एडीसीपी प्रबल प्रताप सिंह फोर्स संग घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के बाबत पड़ोसियों और शिवपुर इंस्पेक्टर पीपी सिंह से जानकारी ली। इस संबंध में डीसीपी वरूणा विक्रांत वीर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। दोनों परिवार के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी।