जौनपुर: बीडीसी सदस्य की गोली मारकर बदमाशों ने की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर के केराकत कोतवाली क्षेत्र स्थित मनियरा मोड़ के पास सोमवार की शाम साढ़े सात बजे बदमाशों ने मुरलीपुर गांव के बीडीसी सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक से आए बदमाशों ने तीन फायर किए। इसमें एक गोली बीडीसी सदस्य की पीठ पर लगी। घटना की सूचना पर सीओ समेत सर्किल के विभिन्न थानों की फोर्स मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मुरलीपुर गांव निवासी शैलेंद्र यादव (48) गांव के बीडीसी सदस्य थे। वह केराकत के सरायबीरु में स्टेशन मार्ग पर दूध की डेयरी भी चलाते थे। सोमवार की देर शाम डेयरी बंद करने के बाद वह कोतवाली गए। यहां दीवान को दूध देने के बाद वह बाइक से घर के लिए रवाना हुए।
मनियरा मोड़ के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोका। शैलेंद्र जब तक कुछ समझते, बदमाशों ने फायर कर दिया। बदमाशों ने एक के बाद एक तीन गोलियां चलाई, जिसमें एक गोली शैलेंद्र की पीठ में लगी। वह बीच सड़क पर ही गिर पड़े।
गोली की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, तब तक बदमाश फरार हो गए थे। रास्ते से गुजर रहे सीओ सुशील कुमार सिंह ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल को केराकत सीएचसी भेजवाया। वहां उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर मौत हो चुकी थी।
सीओ ने बताया कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम को लगा दिया गया है। परिवार के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।