यूपी: पुलिस हिरासत में हत्यारोपी ने गला और हाथ काटा, छोटे भाई की हत्या का है आरोप
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में चार दिनों से लापता किशोर की लाश उसके घर के से पीछे बरामद हुई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाइयों समेत चार लोगों को हिरासत में लिया था, और पुलिस उनसे थाने में पूछताछ कर रही थी।
इन्हीं में शामिल एक भाई ने थाने के बाथरूम में जाकर खिड़की के शीशे से अपना गला और हाथ को काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। जानकारी होने पर पुलिस ने लहूलुहान हाल में उसे फूलपुर कस्बा स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना के पल्थी बाजार निवासी अमर बरनवाल(15) पुत्र प्रेम चन्द बरनवाल की गत दिनों हत्या हो गई थी। पुलिस संदिग्ध आरोपियों को पकड़कर पूछताछ कर रही थी। शनिवार को निराले(24) पुत्र प्रेमचन्द बरनवाल ने थाने के बाथरूम में जाकर खिड़की के शीशे से अपने गले और हाथ की नस पर काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
खून से सना देख पुलिस ने तत्काल उसको फूलपुर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सिद्धार्थ का कहना है कि दीदारगंज के पल्थी में हुई हत्या के मामले में मृतक के भाइयों सहित चार लोगों को हत्या के आरोप में पूछताछ करने के लिए उठाया गया था।
इसमें एक भाई निराले ने आत्मघाती कदम उठाया है। उसका इलाज फूलपुर में चल रहा है।