सौगात: शूटिंग रेंज में लगेंगी 50 ऑटोमेटिक टार्गेट मशीनें, सिगरा स्टेडियम में मशीन इंस्टालेशन की प्रक्रिया शुरू
वाराणसी स्मार्ट सिटी ने सिगरा स्टेडियम में उपकरण इंस्टालेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्टेडियम के शूटिंग रेंज में 50 ऑटोमेटिक टार्गेट मशीनें लगेंगी।
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर तैयार सिगरा स्टेडियम के शूटिंग रेंज पर जल्द ही आधुनिक उपकरण इंस्टॉल कर दिए जाएंगे। स्मार्ट सिटी ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शूटिंग रेंज में आधुनिक ऑटोमेटिक टार्गेट मशीनें लगाईं जाएंगी। इससे टार्गेट का सही मूल्यांकन हो सकेगा। 10 मीटर पिस्टल निशानेबाजी के लिए 30 ऑटोमेटिक टार्गेट मशीनें और 50 मीटर निशानेबाजी के लिए 20 ऑटोमेटिक टार्गेट मशीनें मंगाई जाएंगी।
सिगरा स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले फेज का शुभारंभ इसी वर्ष कर चुके हैं। अब दूसरे और तीसरे फेज का लोकार्पण होना है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का शूटिंग रेंज भी बनाया गया है। इसके लिए आधुनिक उपकरणों को लगाने की प्रक्रिया स्मार्ट सिटी ने शुरू कर दी है। इन उपकरणों के लग जाने से यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित हो सकेंगी।
बनारस की दीपिका पटेल यूथ कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इनके अलावा लक्ष्मण अवार्डी अजीत सिंह और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आसिफ इकबाल भी अंरतरराष्ट्रीय मुकाबलों में पदक जीत चुके हैं। दीपिका पटेल ने बताया कि सिगरा स्टेडियम में आधुनिक उपकरणों के लग जाने से युवा निशानेबाजों को काफी मदद मिलेगी। वे अपना खेल और सुधार सकेंगे। नई मशीनों के लग जाने से निशानेबाजी का सटीक मूल्यांकन हो सकेगा।
रायफल क्लब के बाद सिगरा में दूसरा शूटिंग रेंज
सिगरा में बन रहा शूटिंग रेंज वाराणसी का दूसरा शूटिंग सेंटर बनेगा। इससे पहले कैंटोंमेंट में प्रदेश का पहला बहुमंजिला अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज बनकर तैयार हो चुका है। इसके बाद सिगरा में शूटिंग रेंज पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच कराने के लिए मशीनों को लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
क्या बोले अधिकारी
मशीनें मंगाकर सिगरा स्टेडियम के शूटिंग रेंज में मशीनों को इंस्टाल कराने काम काम शुरू करा दिया गया है। सिगरा स्टेडियम का उच्चीकरण भी किया जा चुका है। अक्तूबर में इसके दूसरे फेज का लोकार्पण होना है। -डॉ. डी वासुदेवन, महाप्रबंधक, स्मार्ट सिटी