मटका फोड़ने के दौरान रस्सी टूटने से गिरा मकान का छज्जा, आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल
बलिया जिले के जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में मटका फोड़ आयोजन देख रहे दर्शकों पर छज्जा गिरने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शनिवार की रात सुल्तानपुर के महावीर मंदिर के समीप मटका फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें काफी संख्या में दर्शक भी मौजूद थे। मटका लटकाने के लिए जो रस्सी बांधी गई थी, उसमें रस्सी का एक सिरा एक छत के रेलिंग से और दूसरा सिरा नीम के पेड़ की डाली में बांधा गया था।
ये भी पढ़ें : ठेकेदार आत्महत्या : जांच टीम ने प्रमुख सचिव को सौंपी रिपोर्ट, इसलिए खुदकुशी करने को मजबूर हुए अवधेश
रस्सी के बीच में मटका लटकाया गया था। मानव पिरामिड पर चढ़कर कृष्ण बना बालक मटका फोड़ने लगा तो मटका तो फूट गया लेकिन पिरामिड में शामिल लड़के असंतुलित होकर गिर पड़े। मटका फोड़ने वाला बालक भी नीचे गिरने लगा, तब तक उसके हाथ में मटके की रस्सी आ गई फिर, रस्सी टूट गई। इस वजह से छत के रेलिंग पर दबाव पड़ा और छत का बरजा (छज्जा) नीचे गिर पड़ा।
बरजा के नीचे बैठे दर्शक घायल हो गए। लोगों के घायल होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में लोगों ने घायलों को सुखपुरा में एक निजी चिकित्सक के यहां इलाज के लिए ले आए।
ये भी पढ़ें : जौनपुर : खेत पर गई किशोरी के साथ गैंगरेप, पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया
बाद में चिकित्सक ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां दो घायलों मुन्ना(30) पुत्र राजदेव, भरत यादव(32) पुत्र शिवप्रसाद की हालत गंभीर है। अन्य घायलों में श्याम नारायण यादव पुत्र गोविंद यादव, भरत यादव पुत्र लखन यादव, चनेश्वर सहित आधा दर्जन लोग शामिल हैं।