सड़क हादसों से दहला जौनपुर, दो की मौत, तीन घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर जिले के मछलीशहर, गौराबादशाहपुर, मुंगराबादशाहपुर में हुए अलग-अलग हादसे में सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से बाइक घुसने की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि रोडवेज की बस और ट्रक और दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन लोग घायल हो गए।
बरसठी थाना क्षेत्र के बेलौना खुर्द गांव निवासी भीम(25) अपने रिश्तेदार सिकरारा थाना क्षेत्र के हरदुआ निवासी संदीप कुमार के साथ मंगलवार को खाखोपुर बाजार में आयोजित शादी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दोनों कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात घर लौट रहे थे। जैसे ही मछलीशहर कोतवाली के जहांसापुर गांव के निकट पहुंचे, वहां सड़क पर खड़े खराब ट्रक में पीछे से बाइक घुस गई।
टक्कर इतनी जोरदार हुई कि बाइक चला रहे भीम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि संदीप को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक पर्व कुमार सिंह ने बताया कि रात में इलाज के दौरान घायल संदीप ने भी दम तोड़ दिया।
दूसरी घटना गौराबादशाहपुर क्षेत्र के केशवपुर रेलवे फाटक के पास हुई। जहां मंगलवार रात इलाहाबाद से 17 सवारी लेकर गोरखपुर जा रही रोडवेज बस की ट्रक से टक्कर हो गई। इसमें बस चालक अनुज त्रिपाठी निवासी कुंडा प्रतापगढ़ और एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
तीसरी घटना मुंगराबादशाहपुर के इटहरा के पास बुधवार सुबह हुई। यहां दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में मछलीशहर थाना क्षेत्र के ग्राम बराईपार निवासी मोना गुप्ता घायल हो गई। वह अपने लड़के अभिषेक के साथ बाइक से प्रतापगढ़ से मछलीशहर अपने घर वापस जा रही थीं।
चालक अभिषेक बाल-बाल बच गए। लोगों की मदद से पीएचसी मुंगरा बादशाहपुर में मोना को भर्ती कराया गया। दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया।