जौनपुर: पैसे के लेनदेन को लेकर बढ़ा इतना विवाद, एक ने दूसरे की ले ली जान
जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के चकगयासपुर गांव के बगीचे में गुरुवार की रात को पैसे के लेनदेन के विवाद में लाठी से पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खुटहन थाना क्षेत्र के पिलकिछा गांव के हरिका पूरा निवासी इश्तेयार उर्फ फजल(35) पुत्र मिट्ठू खेतासराय थाना क्षेत्र के सुंबुलपुर निवासी इरफान कुरैशी (28) के साथ मिलकर पशुओं की खरीद-बिक्री करता था। गुरुवार की शाम फजल सुंबलपुर गांव में इरफान के घर पहुंचा।
इरफान ने रात में घर से दूर चकगयासपुर गांव के बगीचे में भोजन की व्यवस्था की। बताते हैं कि रात में खाने-पीने के के बाद करीब एक बजे रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों का विवाद हो गया।
आरोप है कि इरफान ने फजल के सिर पर लाठी से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। पुलिस के मुताबिक इरफान ने ही रात में फोन कर फजल के घर वालों को उसके घायल होने की सूचना दी। सूचना पर फजल की पत्नी मदीना और उसके परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। इरफान वहां से फरार हो चुका था।
परिजनों ने फजल को घायलावस्था में लेकर खुटहन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची खेतासराय थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एएसपी डॉ. अनिल पांडेय का कहना है कि मृतक के चचेरे भाई ठन्नू की तहरीर पर इरफान के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।