वाराणसी में बैंक कर्मी ने दी जान: स्कूटी खड़ी कर ट्रेन आते ही ट्रैक पर रखी गर्दन, अवसाद में आकर उठाया खौफनाक कदम
वाराणसी में मंगलवार की शाम एक युवक अपनी स्कूटी को खड़ा करके रेलवे ट्रैक पर लेट गया। ट्रेन आते ही वह कट गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित अंडरपास के पास रेलवे ट्रैक पर मंगलवार शाम बैंक कर्मी ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार अवसाद में आकर बैंक कर्मी ने यह कदम उठाया।
वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के संत गोपाल नगर पटिया के रहने वाले रामजी दुबे का पुत्र शुभम दुबे(25) उत्कर्ष बैंक में नौकरी करता था। कुछ दिनों से डिप्रेशन में रहने के कारण शिवपुर स्थित एक मनोरोग चिकित्सक के यहां इलाज चल रहा था। शाम को सवा पांच बजे के करीब शुभम दुबे अपनी स्कूटी से बरेका स्थित अंडरपास पहुंचा।
रेलवे क्रॉसिंग और अंडरपास के बीच झाड़ीनुमा जगह पर कुछ देर टहलने के बाद शुभम ने स्कूटी खड़ी की और प्रयागराज की ओर जा रही सिंकदराबाद एक्सप्रेस ट्रेन को सामने आता देख ट्रैक पर गर्दन रखकर लेट गया। कुछ दूर पर लोग जब तक शुभम को बचाने के प्रयास करते तब तक ट्रेन शुभम की गर्दन को धड़ से अलग करते हुए आगे बढ़ गई।
आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची बरेका चौकी पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। कंस्ट्रक्शन का काम करने वाले रामजी दुबे सूचना पाकर पहुंचे तो बेटे को दो भाग में देख फफक पडे़। परिवार के अन्य सदस्य और मित्रों ने किसी तरह रामजी दुबे को संभाला।
मूलरूप से भदोही के रहने वाले रामजी दुबे के बेटे शुभम की शादी पिछले दिसंबर 2020 में भदोही के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली वंदना के साथ हुई थी। पत्नी वंदना को जैसे ही यह सूचना मिली तो वह चीखते हुए अचेत हो गई। मां शर्मिला यह सुनते ही दहाड़े मारकर बिलखने लगे। बहन भी घटना के बाद से बेसुध रही। परिवार के लोगों ने बताया कि किसी को यह अंदाजा नहीं था कि शुभम ऐसा कदम उठा लेगा।