सोनभद्र : ट्रैक्टर से टकराई मालगाड़ी, दो हिस्सों में बंटा, बाल-बाल बचे चालक और सवार लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। रेलवे ट्रैक पर फंसे ट्रैक्टर को एक मालगाड़ी ने अपनी चपेट में ले लिया। इससे ट्रैक्टर के टुकड़े-टुकड़े हो गए, तो वहीं चालक और ट्रैक्टर पर सवार लोग बाल-बाल बच गए।
सोनभद्र जिले के विंढमगंज थाना क्षेत्र के घिबही ग्राम पंचायत में शनिवार रात एक ट्रैक्टर रेलवे क्रॉसिंग की फाटक तोड़ते हुए मालगाड़ी से टकरा गया। इससे ट्रैक्टर कई टुकड़ों में बंट गया। ट्रैक्टर का कुछ हिस्सा मालगाड़ी के पहियों में फंस गया, जिससे मालगाड़ी वहीं रूक गई।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेलवे के कर्मचारियों ने ट्रैक्टर के मलवे को मालगाड़ी से अलग किया गया। इसके बाद मालगाड़ी को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। इस हादसे में ट्रैक्टर का चालक और उस पर सवार श्रमिक बाल-बाल बच गए। दोनों टक्कर से पहले ही ट्रैक्टर से कूद कर वहां से फरार हो गए।
विंढमगंज रेलवे स्टेशन से दुद्धी की ओर छह किमी पर रेलवे गेट नंबर 50 स्थापित है। यह गेट विंढमगंज-दुद्धी मुख्य मार्ग पर स्थित है। शनिवार रात दुद्धी की ओर से झारखंड की ओर एक मालगाड़ी जा रही थी।
इसकी सूचना पर रात करीब 11 बजे घिबही गांव में स्थित रेलवे क्रासिंग को गेट मैन ने बंद कर दिया। तभी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर गेट को तोड़ते हुए ट्रैक पर पहुंचकर बंद हो गया। यह देख ट्रैक्टर का चालक व उस पर बैठा श्रमिक वहां से कूदकर फरार हो गए।
इसी बीच दुद्धी की ओर से आ रही मालगाड़ी खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। ट्रैक्टर कई टुकड़ों में हो गया। विंढमगंज स्टेशन मास्टर आलोक कुमार ने बताया कि हादसे में ट्रैक्टर का मलवा मालगाड़ी के पहिये में फंस गया। इससे मालगाड़ी जाम हो कर खड़ी हो गई।
गेटमैन की सूचना पर रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी से मालगाड़ी में फंसे ट्रैक्टर के मलबे को निकाला गया। फंसे हुए ट्रैक्टर के इंजन को निकालने के बाद मालगाड़ी के चक्के और ट्रैक की जांच की गई। फिर करीब दो घंटे बाद मालगाड़ी को झारखंड की ओर रवाना किया गया।
घटना की सूचना रेलवे विभाग रेणुकूट में तैनात जेई नागमणि कुमार विंढमगंज थाना में दी है। ट्रैक्टर घिवही ग्राम पंचायत निवासी सुदर्शन यादव पुत्र दरगाही यादव का बताया जा रहा है। थाना पुलिस का कहना है कि रेलवे की ओर से पत्र मिला है। घटना इत्तफाकिया है। फिर भी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।