वाराणसी: मंडलीय अस्पताल में मरीजों को राहत, एमसीएच विंग के दूसरे तल पर सर्जरी के पुरुष-महिला मरीज होंगे शिफ्ट
मंडलीय अस्पताल में मरीजों को राहत मिलेगी। अब एमसीएच विंग के दूसरे तल पर सर्जरी के पुरुष-महिला मरीज शिफ्ट होंगे। अस्पताल को 500 बेड के मल्टी सुपरस्पेशियलिटी चिकित्सालय के रूप में विकसित करने की दिशा में यह काम किया जा रहा है।
विस्तार
मंडलीय जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेड और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समयसीमा तय कर दी गई है। डीएम सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को एमसीएच विंग और इमरजेंसी भवन का निरीक्षण कर तीन दिन में 30 बेड पर मरीजों को शिफ्ट करने का निर्देश दिया। तीसरे तल पर 106 बेड की व्यवस्था 25 अक्तूबर से पहले पूरी करनी होगी, जबकि चौथे तल पर 58 बेड और उनसे जुड़ी चिकित्सा सुविधाएं एक माह में तैयार करनी हैं। अस्पताल को 500 बेड के मल्टी सुपरस्पेशियलिटी चिकित्सालय के रूप में विकसित करने की दिशा में यह काम किया जा रहा है।
एमसीएच विंग के दूसरे तल पर 20 बेड पुरुष सर्जरी और 10 बेड महिला सर्जरी के लिए निर्धारित हैं। जिलाधिकारी ने वार्ड, वॉशरूम और अन्य जरूरी सुविधाओं का काम तीन दिन में पूरा कर मरीजों को शिफ्ट करने का निर्देश दिया। तीसरे तल पर पुरुष मेडिसिन के 52, महिला मेडिसिन के 30, पुरुष आर्थो के 16 और महिला आर्थो के आठ बेड समेत कुल 106 बेड की व्यवस्था होनी है। यहां फ्लोर फिनिशिंग, वॉशरूम और ऑक्सीजन संबंधी काम 25 अक्तूबर से पहले पूरा करने को कहा गया।
एमसीएच विंग के चौथे तल पर 58 बेड की व्यवस्था की जा रही है। इसमें आईसीयू, पीडियाट्रिक, पीआईसीयू, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, आईसीटीसी और लॉन्ड्री जैसी सुविधाएं शामिल हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य एक माह में पूरा कर सुविधाएं मरीजों के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इमरजेंसी भवन में 41 बेड की व्यवस्था
जिलाधिकारी ने इमरजेंसी भवन का भी निरीक्षण किया। यहां भूतल पर 40 बेड हैं। इनमें एचडीयू, इमरजेंसी, आईसीयू, आइसोलेशन, सेफ हाउस, ईओपीडी, ट्रायज क्षेत्र और रिससिटेशन कक्ष जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्रथम तल पर अल्ट्रासाउंड, एक्सरे और रिकॉर्ड कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए गए। दूसरे तल पर 41 बेड प्रस्तावित हैं। इनमें बर्न यूनिट के 33, ओटी प्री-ऑप के तीन और पोस्ट-ऑप के पांच बेड शामिल हैं।
डीएम ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में सभी जरूरी सुविधाएं पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता करुणेश अरोड़ा, अवर अभियंता लालमणि, निर्माण कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक श्रीकांत पाल, परामर्शी अभियंता संतोष पटेल, मंडलीय अपर निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार, जिला महिला चिकित्सालय की प्रमुख अधीक्षिका डॉ. मनीषा सैंगर, एमसीएच विंग के अधीक्षक डॉ. आरएन विश्वकर्मा और हेरिटेज मेडिकल कॉलेज के प्रबंधक प्रतोष कुमार सिंह मौजूद रहे।