एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरेंः 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, महामना एक्सप्रेस में मिले अवैध पार्सल
Varanasi News: वाराणसी में 25 हजार के इनामी वांछित को लंका थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसकी तलाश 10 वर्षों से थी। वहीं, आरपीएफ के एसआई ने वाराणसी-महामना एक्सप्रेस में 12 अवैध पार्सल पकड़ा। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लंका थाने की पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में 10 साल से वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार के रोहतास के तारा चंडी, कोरा निवासी विमलेश कुमार के रूप में हुई है।
लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि 14 जून 2014 को एक कार में रखी तीन बोरियों में 145 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट मिला था। विमलेश सहित पांच आरोपियों के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। नामजद अन्य आरोपी जेल जा चुके हैं। विमलेश फरार था।
मुखबिर की सूचना पर लौटूबीर अंडरपास के पास से उसे गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में विमलेश ने बताया कि उसे लगा कि 10 साल बाद बनारस में कोई पहचान नहीं पाएगा। एक काम के सिलसिले में आया था, लेकिन उसे पकड़ लिया।
नाम, जन्मतिथि और अंकों में सुधार के लिए रोज आ रहे 200 आवेदन
माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में नाम, जन्मतिथि व अंकों में सुधार आदि के लिए रोज 16 जिलों से 200 से अधिक आवेदन आ रहे हैं। 10वीं व 12वीं के परिणाम आने के बाद त्रुटियों को सुधारने के लिए विद्यार्थी आवेदन लेकर पहुंच रहे हैं। इसके चलते संशोधन व सत्यापन के कार्य में तेजी आई है।
क्षेत्रीय कार्यालय में बोर्ड परीक्षा की तैयारी से लेकर प्रमाणपत्रों में संशोधन व सत्यापन के कार्य होते हैं। मगर, बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने के बाद संशोधन कराने की तादाद बढ़ जाती है। कार्यालय के क्षेत्रीय सचिव विनोद राय ने बताया कि पहले से आवेदनों की संख्या बढ़ गई है। विद्यार्थी डाक से ज्यादा संशोधन के लिए आवेदन भेजते हैं। कुछ काउंटर पर भी जमा होते हैं। अंक पत्र में विद्यार्थी के नाम, माता-पिता के नाम में मात्रात्मक त्रुटियां ज्यादा होती हैं।
कच्ची दीवार गिरने से पान के दुकानदार की मलबे में दबने से मौत
चौबेपुर क्षेत्र के बीकापुर गांव में बीती रात साढ़े नौ बजे बारिश से कच्ची दीवार पान की गोमती पर अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। दुकानदार राजनाथ राम (61) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में परिजनों ने पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया जहां शुक्रवार की सुबह 11 बजे उनकी मौत हो गई। उनके पुत्र मोनू भारती की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया। उनके 4बेटे हैं।
नौकरी पाने वालों का सत्यापन
क्षेत्रीय कार्यालय में नौकरी पाने वाले युवकों के अंकपत्रों का भी सत्यापन होता है। विनोद राय ने बताया कि देशभर में विभिन्न विभागों में नियुक्त हुए युवकों के अंक पत्रों के सत्यापन के लिए विभागों से आवेदन आ रहे हैं। उनका भी सत्यापन कराया जा रहा है।
खेत में गिरा तार, महिला किसान झुलसी, मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के उकथी पांडेयपुर गांव के एक खेत में बिजली का केबल अचानक टूटकर गिर गया। खेत में धान की सोहनी (घास निकालना) कर रही एक महिला किसान उसकी चपेट में आ गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उकथी पांडेयपुर निवासी रमाशंकर यादव और उनकी पत्नी सरोजा देवी सुबह धान के खेत में सोहनी करने गए थे।
कुछ देर काम करने के बाद दोनों घर जाने लगे। कुछ दूर तक जाने के बाद सरोजा निराई से एकत्र हुए घास बाहर निकालने के लिए खेत में लौट आई जबकि उसके पति घर चले गए। अभी वह एकत्रित घास फूस निकाल ही रही थी कि इसी दौरान खेत के ऊपर से जा रहा बिजली का तार टूट कर धान के खेत में गिर गया।
सरोजा अभी कुछ समझ पाती कि बुरी तरह झुलस गई और तार की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर अन्य लोग भी आ गए। बाद में महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
छोटे सिलिंडर में गैस रिसाव से लगी आग
कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में बैंक कॉलोनी के सामने संकरी गली में टीपी ठाकुर के घर की रसोईं में छोटे सिलिंडर में रिसाव के कारण आग लगी गई। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
सूचना पाकर अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। आग लगने से बिजली की वायरिंग और घर में लगे मोबाइल टावर का तार जल गया। मकान के बगल में हॉस्पिटल की छत से पानी डाल कर आग को टावर की ओर नहीं बढ़ने दिया गया।
मारपीट कर चेन छीनने के आरोप में 3 पर केस
सेवापुरी के अकोढ़ा गांव के चंद्रशेखर सिंह की तहरीर पर कपसेठी थाने में तीन लोगों के खिलाफ गालीगलौज, मारपीट और चेन छीनने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। चंद्रशेखर ने पड़ोसी संतोष, राजन और अजय के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस को बताया कि मामूली विवाद पर तीनों उनके घर आए और लात-घूसे से पिटाई कर गले की चेन छीन ली। तीनों उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
घर लौट रहे सिपाही को कार ने मारी टक्कर, घायल
राजातालाब थाने पर तैनात कांस्टेबल अर्जुन (28) ड्यूटी कर बाइक से अपने आवास मंडुवाडीह जा रहे थे। रात में केशरीपुर में एक कार चालक अर्जुन को टक्कर मारकर भाग गया। सूचना पाकर पहुंची रोहनिया थाने की पुलिस ने अर्जुन को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
गोदाम में सेंध लगाकर फल चोरी
रोहनिया के गोविंदपुर निवासी जयप्रकाश गुप्ता की रोहनिया में गांधी चौराहे से थोड़ी दूरी पर उनका गोदाम है, जहां वह तीन दिन से नहीं गए थे। बुधवार रात सूचना मिली कि गोदाम की दीवार में सेंध लगाकर उसमें रखे फल चोर चुरा रहे हैं। सूचना मिलने पर पहुंचे जयप्रकाश ने शोर मचाया तो गोदाम के पड़ोस में रहने वाले चार लोग बाहर निकले। उन्होंने दो लोगों को पकड़ लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ गालीगलौज की और धमका कर भाग गए। जयप्रकाश ने बताया कि 20 पेटी सेब, 10 पेटी अनार, 10 पेटी नाशपाती और 4 बोरी मौसंबी चोर चुरा ले गए। शिकायत के आधार पर रोहनिया थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महामना एक्सप्रेस में पकड़े गए 12 अवैध पार्सल पैकेट
वाराणसी के नई दिल्ली-वाराणसी महामना एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-22418) के जनरल कोच में मुरादाबाद से वाराणसी लाए गए 12 अवैध पार्सल पैकेट पकड़े गए। इन पर रेलवे का मार्का नहीं था। आरपीएफ के एएसआई राकेश कुमार सिंह ने पैकेट को पार्सल ऑफिस भेजा। पार्सल को अपना बताने वाले एक व्यक्ति से पूछताछ हुई तो वह कागजात नहीं दिखा पाया। पैकेटों की तौल कराकर निर्धारित जुर्माना लगाया गया।
चचेरे भाइयों की मौत के मामले में ट्रक चालक पर केस
मिर्जामुराद के रखौना गांव में रिंग रोड के ओवरब्रिज पर बीती रात ब्रेकर पर ट्रक के अचानक ब्रेक लेने पर उसके पीछे बुलेट सवार दो चचेरे भाई टकरा गए थे। हादसे में दोनों की मौत हो गई थी। चचेरे भाइयों के परिजन मनीष कुमार सिंह के तहरीर पर मिर्जामुराद थाने में गुरुवार को अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ट्रक को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।
प्रयागराज के सरायइनायत थाना के तेंदुई गांव निवासी गौतम सिंह (24) व अंकित सिंह (21) बुलेट पर सवार होकर मछली पालन के लिए दवा लेने और बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने वाराणसी आए थे। वापसी के दौरान वह हादसे का शिकार हो गए। पुलिस की सूचना पर आए परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर प्रयागराज चले गए।
16 मोबाइल चुराने का आरोपी सीसी फुटेज से चिह्नित
श्री काशी विश्वनाथ धाम से आंध्र प्रदेश के श्रद्धालुओं के 16 मोबाइल चुराने का आरोपी सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से चिह्नित कर लिया गया है। चौक थाने की पुलिस बिहार निवासी आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। आंध्र प्रदेश से वेंकटरमना 40 श्रद्धालुओं का जत्था लेकर बुधवार को दर्शन-पूजन के लिए काशी आया था।
सभी श्रद्धालु विशालाक्षी देवी का दर्शन करने के बाद लाहौरी टोला से होते हुए काशी विश्वनाथ का दर्शन करने पहुंचे। उनमें से कुछ श्रद्धालु 16 मोबाइल वेंकटरमना को देकर मंदिर चले गए। धाम के मंदिर चौक की ओर बैठा हुआ वेंकटरमना सभी मोबाइल को गमछे में बांध कर अपने बगल में रख दिया और अपना मोबाइल देखने लगा। उसी दौरान एक व्यक्ति आकर वेंकटरमना के पास बैठ गया। जब श्रद्धालु आए तो मोबाइल वाला गमछा और वेंकटरमना के बगल में बैठा व्यक्ति लापता था।
कार से जा रहे युवक पर हमला
चौबेपुर के रामचंदीपुर ढाब निवासी एक समाचार पत्र के संवाददाता सुनील कुमार यादव की कार पर बुधवार शाम मुस्तफाबाद में तीन युवकों ने हमला किया। हमले में उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई और वह बाल-बाल बच गए। घटना के संबंध में चौबेपुर थाने में तहरीर दी।
सुनील ने बताया कि वह विद्युत वितरण खंड लेढ़ूपुर गए थे। वहां से घर लौटते समय स्कूटी सवार तीन युवक चांदपुर के खड़ेश्वरी बाबा इंटर कॉलेज के पास से उनकी कार से आगे निकले। मुस्तफाबाद मोड़ पर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे नहीं रुके। उसी दौरान उनमें से एक ने लाठी चला दी।
पॉलिथीन के खिलाफ मुहिम
भारत सरकार राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की ओर से सिंगल यूज पॉलिथीन के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत नमामि गंगे ने काल भैरव से गोपाल मंदिर तक लोगों को पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने का संदेश दिया। जगह-जगह पॉलिथीन लिए हुए नागरिकों को कपड़े का झोला देकर पर्यावरण के सहयोगी बनने का आग्रह किया गया।
काशी और उसकी आत्मा गंगा को स्वच्छ और पॉलिथीन मुक्त करने के संकल्प के साथ कपड़े का झोला इस्तेमाल करने की अपील की गई। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि मुहिम से जुड़ना और अन्य लोगों को अपने साथ जोड़ते जाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
जेल अधीक्षक 2 हफ्ते में जवाब दें या हाजिर हों : हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि वाराणसी के सेंट्रल जेल अधीक्षक दो सप्ताह में जवाब दें या कोर्ट में हाजिर हों। कोर्ट ने यह आदेश 22 साल से उम्रकैद की सजा काट रहे दो भाइयों की रिहाई की संस्तुति भेजने की मांग में दाखिल बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर दिया है। न्यायमूर्ति एके सांगवान, न्यायमूर्ति एमएएच इदरीसी की खंडपीठ ने शालू उर्फ मंजीत पांडेय व लिटिल पांडेय की याचिका पर सुनवाई की।
वकील ने दलील दी कि याची 22 साल से जेल में बंद हैं। जेल नियमों व सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के आधार पर उनकी रिहाई की जानी चाहिए। इसके बाद भी जेल प्रशासन ने अभी तक सरकार को कोई संस्तुति नहीं भेजी है।
कोर्ट ने प्रदेश सरकार व जेल अधीक्षक से इस संबंध में जवाब मांगा था, लेकिन जवाब दाखिल नहीं किया गया। वहीं, सरकारी वकील ने एक बार फिर जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। इस पर कोर्ट ने दो सप्ताह का समय देते हुए कहा कि जवाब न देने पर 12 सितंबर को जेल अधीक्षक को कोर्ट में हाजिर होना होगा।
पति और सास की अग्रिम जमानत मंजूर
जिला जज संजीव कुमार पांडेय की कोर्ट ने दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने के मामले में आरोपी पति ओएनजीसी के अधिकारी पारस वैद और सास रेनू वैद की अग्रिम जमानत अर्जी मंजूर कर ली।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, सिगरा क्षेत्र की डॉ. पियोली ने सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उनकी शादी नवी मुंबई निवासी पारस वैद से 14 फरवरी 2024 को हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल गईं। कुछ दिन के बाद से ससुराल के लोग दहेज कम लाने को लेकर ताने देने लगे। साथ 10 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे।
वीडीए के कैंप में विधायक ने सुनीं लोगों की समस्याएं, पौधरोपण भी किया
विकास प्राधिकरण सेवा सप्ताह के पांचवें दिन रविदास पार्क नगवां में कैंप लगातार जनता की शिकायतों का निस्तारण किया गया। मुख्य अतिथि कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य प्रदीप अग्रहरि ने समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम की शुरुआत पार्क में पौधरोपण के साथ हुई। 3 शमन मानचित्रों का निस्तारण किया गया। साथ ही 37 नोटिस प्रकरणों की सुनवाई हुई और 4 शमन मानचित्र दाखिल कराए गए।
कैंप में कुल 348 लोग शामिल हुए। उधर, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत बृहस्पतिवार को राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने सिगरा स्थित पार्क में एक पेड़ मां के नाम लगाया। उधर, बीएचयू में राष्ट्रीय सेवा योजना और संगीत एवं मंच कला संकाय की ओर सेसंकाय प्रमुख प्रो. संगीता पंडित के नेतृत्व में संकाय परिसर में पौधरोपण किया गया।
बरेका कर्मचारियों ने सोशल मीडिया पर चलाया अभियान
बरेका के कर्मचारियों ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली और एकीकृत पेंशन योजना के विरोध और पुरानी पेंशन योजना के समर्थन में एक्स पर अभियान चलाया। नेतृत्व कर्मचारी नेता प्रदीप कुमार यादव ने किया। अभियान में सुशील कुमार सिंह, रविंद्र प्रसाद, कौशल चौरसिया, सुधीर बाबू, संजय कुमार शामिल रहे।
अंधरापुल तक चलेगा अभियान
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने एडीएम सिटी, एडीसीपी ट्रैफिक और सहायक नगर आयुक्त के साथ कैंट रेलवे स्टेशन से अंधरापुल और स्टेशन के पीछे किए गए कब्जे को देखा। निर्देश दिए कि इस पूरे रूट पर कब्जेदारों के खिलाफ अभियान चलाएं और उन्हें स्थायी रूप से हटाएं। नगर आयुक्त ने बताया कि ऑटो, ई-रिक्शा के लिए अलग रूप से मार्ग का निर्धारण किया जाएगा। भूमि चिह्नित कर नगर निगम के स्टैंड के लिए ड्राइंग और डिजाइन स्मार्ट सिटी से तैयार कराएं।
संगठनों ने उठाई मांग
इंडिया गठबंधन और सामाजिक संगठनों ने रामनगर में बैठक में नगर पालिका को नगर निगम से मुक्त करने की मांग की। साथ ही आंदोलन की रणनीति तैयार की। संयोजक सतनाम सिंह, सह संयोजक रामकुमार पार्षद और शमशाद खान को बनाया गया। साथ ही संचालन समिति गठित की गई।
डीएम ने कृषि योजनाओं का किया अनुमोदन
भूमि संरक्षण अनुभाग की जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक बृहस्पतिवार को राइफल क्लब में जिलाधिकारी एस राजलिंगम की अध्यक्षता में हुई। भूमि संरक्षण विभाग से संचालित पं. दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना, खेत तालाब और आरएडी आदि योजनाओं का अनुमोदन हुआ। साथ ही योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाने और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्षा पूनम मौर्या, सीडीओ हिमांशु नागपाल, एके सिंह, विशाल सिंह मौजूद रहे।
अमर उजाला के कर्मचारी को मातृ शोक
अमर उजाला के वाराणसी संस्करण के प्रसार विभाग के कर्मचारी विक्रम यादव की मां कांति देवी (80) की हृदय गति रुकने की वजह से बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह अपने पीछे पति कमल यादव, दो बेटों शिव व विक्रम और बेटी उर्मिला, प्रमिला, लक्ष्मी, गीता, रीता, अनीता, रेणू व किरण का भरापूरा परिवार छोड़ गई हैं।
वरुणा में छलांग लगाने वाले युवक का शव मिला
वाराणसी के नक्खी घाट पुल से वरुणा नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव तीसरे दिन सरैयां इलाके में शैलपुत्री माता मंदिर के पास उतराया मिला। जैतपुरा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने पुलिस को लिख कर दिया कि युवक सेल्फी लेने के दौरान असंतुलित होकर वरुणा नदी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
नई बस्ती, पांडेयपुर निवासी अच्छेलाल विश्वकर्मा (34) मंगलवार रात नक्खी घाट पुल पर खड़ा था। वह शराब के नशे में था और उसने अपने परिचित संतोष विश्वकर्मा को बुलाया। संतोष ने उसे समझाया और घर जाने को कहा। उसी दौरान दौड़ते हुए अच्छे लाल ने वरुणा में छलांग लगा दी।
बसों के खिलाफ चला अभियान, 15 का चालान
वाराणसी से होकर गैर जनपदों को जाने वाली बसों को लेकर परिवहन विभाग गंभीर हो गया है। वाराणसी के संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन के साथ मंडल के समस्त प्रवर्तन अधिकारियों ने कैथी टोल प्लाजा पर अनाधिकृत रूप से संचालित बसों और यात्री वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिसमें 15 बसों का चालान किया गया और दो बसों को निरुद्ध किया गया।
अभियान में एआरटीओ (प्रशासन) सर्वेश गौतम, एआरटीओ (प्रवर्तन) श्याम लाल, आरटीओ मनोज कुमार वर्मा, चंदौली एआरटीओ संतोष सिंह, जौनपुर एआरटीओ सतेंद्र कुमार, गाजीपुर एआरटीओ सौम्या पांडेय मौजूद रहीं।
दशमी यादव बने उपाध्यक्ष
पूर्वांचल उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के उपाध्यक्ष के पद पर रोहनिया व्यापार मंडल के अध्यक्ष दशमी यादव को मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन पूर्वांचल उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष अरुण कुमार केसरी के निर्देश पर हुआ है। मझियार घाटमपुर निवासी दशमी यादव ने अध्यक्ष अरुण कुमार केसरी और मंत्री अखिलेश सिंह का आभार व्यक्त किया।
कहा कि ईमानदारी और निष्ठा से अपने पद की गरिमा को बनाए रखूंगा। व्यापारियों के सुख-दुख में सदैव उनके कदम से कदम मिलाकर चलूंगा। दशमी यादव के मनोनयन पर रोहनिया व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने उन्हें बधाई दी है।
पुष्पा अध्यक्ष, मनोरमा बनीं उपाध्यक्ष
राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी नर्सेज संघ के मंडलीय अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। चौकाघाट के राजकीय आयुर्वेदिक, यूनानी चिकित्सालय महाविद्यालय के चरक सभागार में मैट्रन मंजू सिंह की अध्यक्षता में वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर में कार्यरत नर्सेज ने भागीदारी की।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद वाराणसी के जिलाध्यक्ष और चुनाव अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव, जिला मंत्री श्याम राज यादव की देखरेख में चुनाव में सर्वसम्मति से पुष्पा सिंह अध्यक्ष, मनोरमा देवी उपाध्यक्ष और रीता भारती महामंत्री चुनी गईं।
एक सितंबर से मनेगा स्वच्छता पखवाड़ा
परिषदीय स्कूलों में 1 सितंबर से 15 सितंबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। शुरुआत एक सितंबर को स्वच्छता शपथ दिवस के रूप में की जाएगी। सभी विद्यार्थियों, अध्यापकों और स्कूल के कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई जाएगी।
ग्रीन स्कूल ड्राइव के तहत विद्यार्थियों को स्लोगन, पोस्टर और पंफलेट के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। बीएसए डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि 9-10 सितंबर को हाथ धुलाई दिवस के दौरान विद्यार्थियों को नियमित रूप से हाथ धोने की आदत डालने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
धान खरीद की पूरी कर लें तैयारी
वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को प्राधिकरण सभागार में खाद एवं रसद विभाग के साथ बैठक हुई। उन्होंने धान खरीद से पहले इसकी तैयारी पूरी करने को कहा। लक्ष्य के सापेक्ष धान क्रय केन्द्रों का प्रस्ताव/अनुमोदन, हैंडलिंग परिवहन ठेकेदारों की नियुक्ति, राइस मिलों के सत्यापन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमीमापक यंत्र आदि को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसको धान खरीद से पहले उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
26 अवैध ईंट-भट्ठों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में एमओयू क्रियान्वयन संबंधी जिलास्तरीय समिति, जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों की जांच के संबंध में राजातालाब तहसील क्षेत्र में 26 ईंट-भट्ठे अवैध पाए गए। इन पर दंडात्मक कार्रवाई के लिए जीएसटी विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए गए। औद्योगिक आस्थान चांदपुर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस पेट्रोलिंग कराने के निर्देश दिए गए।
बाबा साहब आप्टे का स्मृति दिवस मनाया
भारतीय इतिहास संकलन समिति, काशी प्रांत की कार्यकारिणी की ओर से इतिहास संकलन योजना के प्रेरणास्रोत बाबा साहब आप्टे के स्मृति दिवस पर उनके विचारों का अनुसरण करने का संकल्प लिया गया। लंका स्थित विश्व संवाद केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में प्रांत के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. श्रीपाल सिंह सोम ने कहा कि उमाकांत केशव (बाबा साहब आप्टे) ने कहा कि पूरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। इस दौरान डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. हेमंत, डॉ. देवेंद्र आदि मौजूद रहे।
टूल रूम स्थापना के लिए पिंडरा में मिली जमीन
जिला उद्योग बंधु की बैठक बृहस्पतिवार को राइफल क्लब में हुई। अध्यक्षता सीडीओ हिमांशु नागपाल ने की। बैठक में टूल रूम की स्थापना करने के लिए पिंडरा में जमीन दिए जाने पर उद्यमियों ने जिला प्रशासन का धन्यवाद किया। लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 2016 में संगठन की मांग पर एमएसएमई मंत्रालय ने टूल रूम के लिए 250 करोड़ रुपये अनुमोदित किए थे। जल्द से जल्द निर्माण के लिए कई वर्षों से लघु उद्योग भारती संगठन इसकी मांग कर रहा था। इस टेक्नोलॉजी सेंटर के निर्माण से पूर्वांचल के युवाओं को तकनीकी ज्ञान प्राप्त होगा। संवाद
चतुर्थ सेमेस्टर की मौखिकी परीक्षा 9 सितंबर को
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में राजनीति विज्ञान के चतुर्थ सेमेस्टर की मौखिकी परीक्षा 9 सितंबर को होगी। प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने बताया कि रिसर्च प्रोजेक्ट की मौखिक परीक्षा सुबह 10 बजे से होगी। इस दौरान सभी छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्ट फाइल लाना अनिवार्य है।
लाइब्रेरी साइंस की परीक्षा 10 सितंबर से
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान के शास्त्री द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 10 सितंबर से शुरू होंगी। 13 सितंबर तक होने वाली परीक्षाएं 11 बजे से दो बजे तक होंगी। परीक्षा भवन को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि मौखिक परीक्षा 14 सितंबर को विभाग में 11 बजे से दो बजे तक होगी।
प्रो. मायाशंकर पांडेय बने कला संकाय प्रमुख
बीएचयू में अंग्रेजी विभाग के प्रो. माया शंकर पांडेय को कला संकाय का प्रमुख नियुक्त किया गया है। कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन के आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति एक सितंबर से अगले तीन वर्षों के लिए या उनकी सेवानिवृत्ति तिथि तक, जो भी पहले हो, तक प्रभावी होगी।
योग्यता के अनुसार करें कॅरिअर का चयन
काशी विद्यापीठ के सेवायोजन कार्यालय और अवध यूथ फाउंडेशन की ओर से दो दिवसीय वर्चुअल कार्यशाला हुई। सेवायोजना सूचना एवं मंत्रणा केंद्र की प्रमुख प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने विद्यार्थियों के कॅरिअर गाइडेंस के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रूचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप कॅरिअर का चयन करना चाहिए। संचालन कार्यक्रम प्रभारी मदन लाल ने किया।
संघर्षों से निपटने के लिए संवेदनशीलता जरूरी
वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा में राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से गोष्ठी हुई। इसमें मालवीय शांति शोध केंद्र बीएचयू के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रशांत ठाकुर ने कहा कि महात्मा गांधी के संघर्ष-परिवर्तन के सिद्धांत के बारे में कहा गया है कि किसी भी संघर्ष से निपटने के लिए सामाजिक और पारंपरिक संवेदनशीलता जरूरी है। विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार सोनकर, डॉ. सरोज, डॉ. अनु और डॉ. गौतम आदि ने भी अपने विचार रखे।
काशी विद्यापीठ को बनाएंगे आदर्श विवि संवाद के जरिये छात्र-छात्राओं को जोड़ेंगे
काशी विद्यापीठ को आदर्श विद्यापीठ के रूप में स्थापित करने के लिए छात्रों को संवाद के माध्यम से जोड़ा जाएगा। छात्रों को रोजगार और स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें मानवीय मूल्य भी समझाए जाएंगे।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता और चीफ प्रॉक्टर के निर्देशन में छात्र संवाद की शुरुआत हुई। केंद्रीय पुस्तकालय के समिति कक्ष में आयोजित छात्र संवाद में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों से संवाद करने के लिए प्रेरित किया गया।
छात्रों को अपने अकादमिक शक्ति को सुदृढ़ करनने, एक दूसरे से शैक्षिक व सांस्कृतिक ज्ञान परंपरा को साझा करने पर चर्चा हुई। छात्र-छात्राओं के अकादमिक जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। शुभांरभ प्रो. केके सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने किया।
घाट पर भाई के साथ आया युवक स्नान करते समय गंगा में डूबा
मार्कण्डेय महादेव दर्शन-पूजन के लिए ओमप्रकाश चौहान निवासी मंगोलेपुर चोलापुर के दो बेटे अतुल व मुन्ना अपने एक दोस्त के साथ आये। दर्शन के पहले तीनों गंगा स्नान करने घाट पहुंचे। जब मुन्ना (22) स्नान करने पहुंचा तभी उसका पैर फिसल गया, जिससे वह डूब गया। उसके भाई व दोस्त ने आवाज लगाई तो स्थानीय मल्लाहों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह डूब गया।
वह 12वीं तक पढ़ा था। चार भाई बहनों में पहले नंबर का था। पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर कैथी चौकी प्रभारी प्रभात सिंह ने एनडीआरएफ को सूचना दी। खबर लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका।
कचहरी में धराया फर्जी वकील, भागने में रहा सफल
काला कोट पहनकर बिना वकालत की डिग्री फर्जी ढंग से कचहरी मे घूम रहे एक कथित वकील को बनारस बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव प्रशासन मंत्री मयंक मिश्रा ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम फक्रुद्दीन पुत्र रहमतुल्लाह निवासी नदोय, हिरामनपुर (सिंधौरा) बताया।
इस दौरान उससे वकील होने संबंधित दस्तावेज मांगा गया तो वह टाल-मटोल करने लगा। साथ ही हाथापाई करने लगा। इस बीच, कई अधिवक्ता एकत्र हो गए और उसे पकड़ कर पुलिस के पास ले जाने लगे। तभी उसका एक साथी अरसद अहमद बीच बचाव कर उसे छुड़ाने का प्रयास करते हुए वकीलों से उलझ गया।
हंगामा व शोर सुनकर वहा काफी अधिवक्ताओ की भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी बीच, मौका पाकर दोनों वहां से भाग गए। बनारस बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव प्रशासन मंत्री मयंक ने इस संबंध में बार एसोसिएशन की ओर से उक्त फर्जी व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
रिश्तों की मिठास के साथ दिखा नटखट का रास
खत्री हितकारिणी सभा की महिला शाखा की ओर से भेलूपुर में तीजोत्सव ‘ऑगस्टिया’ का आयोजन किया गया। अगस्त में पड़ने वाले त्योहारों को ऑगस्टिया रूप में सजाया गया था। सोलह शृंगार में आईं महिलाओं ने रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस, जन्माष्टमी, मित्रता दिवस, हरियाली तीज आदि त्योहारों को विभिन्न प्रस्तुतियों के जरिये दर्शाया।
राधा, किरन, अंजू, रीता, गीता, नम्रता, हिमांगी, जया, चारू, साक्षी आदि ने कजरी व फिल्मी गीतों पर नृत्य पेश किया। स्वागतनमिता टंडन, संचालन हीना मेहरोत्रा और धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री जया कपूर ने किया। संरक्षिका डॉ. कुसुम चंद्रा, अमिता मेहरा, ऋतु अरोड़ा आदि मौजूद रहीं।
अजा एकादशी पर मनाया नंदोत्सव
आर्य समाज लल्लापुरा के सभागार में अजा एकादशी पर नंदोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सत्येंद्र आर्य व डाॅ. प्रियंवदा वेद भारती के आचार्यत्व में यज्ञ हुआ। मुख्य यजमान प्रधान सीए विष्णु प्रसाद आर्य व रुक्मणि देवी रहीं। संध्या दिलीप आर्य ने की।
रमेश आर्य, ब्रह्मचारिणी दिव्यांशी, हरिद्वार ने भजन प्रस्तुत किया। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के महामंत्री रवि प्रकाश आर्य ने अपनी पुत्री सूर्या आर्या के साथ श्रीकृष्णजी पर स्वरचित एक सुमधुर भजन प्रस्तुत किया। इस दौरान प्रमोद आर्य, डाॅ. शंभू नाथ शास्त्री, डाॅ. अनिल मित्रा, गोपाल आर्य मौजूद रहे।
सितार वादक पं. शिवनाथ का हुआ अभिनंदन
वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा के वाद्य विभाग की ओर से आयोजित समारोह में सितार वादक पंडित शिवनाथ मिश्रा का अभिनंदन किया गया। पंडित शिवनाथ मिश्र ने छात्राओं को काशी की संगीत परंपरा का परिचय देते हुए संगीत घराने के बारे में बताया। इस दौरान संगीत वादन विभाग की अध्यक्ष प्रो. मीनू पाठक, डॉ. शांता चटर्जी, पूर्व प्राचार्या डाॅ. कुसुम मिश्रा, डाॅ. स्वरवंदना शर्मा, डॉ. नैरंजना श्रीवास्तव, डाॅ. कमला पांडेय मौजूद रहीं।
बाले शाह के उर्स पर जुटे जायरीन, मांगीं मन्नतें
सेनपुरा चेतगंज स्थित हजरत बालेशाह रहमतुल्लाह अलैह का आस्ताना उनके सालाना उर्स पर जायरीन से गुलजार रहा। बृहस्पतिवार को जायरीन ने आस्ताने पर हाजिरी लगाई और मन्नतें मांगीं। आस्ताने के मुतवल्ली मो. सलीम अहमद ने बताया कि बाद नमाजे फज्र कुरानख्वानी हुई। रात नौ बजे बाबा के गुस्ल के बाद चादरपोशी और गुलपोशी की रस्म अदा की गई। जायरीन ने फातिहा पढ़ी और मन्नतें मांगीं। कव्वाली से माहौल नूरानी होता रहा। इस दौरान कलीम, कल्लू, जयप्रकाश केशरी, करीम, श्रवण गुप्ता, सुशील जायसवाल और रामजी मौर्या मौजूद रहे।
डॉ. दयाशंकर मिश्र ने लगाया पौधा
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत राज्यमंत्रीडाॅ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने सिगरा स्थित पार्क में एक पेड़ मां के नाम लगाया। इस दौरान अनूप दुबे, गौरव राठी, संतोष सैनी, संजय मिश्रा, अवध नारायण राय, करण सिंह आदि ने पीपल, नीम, अमरूद, आम, जामुन आदि फलदार एवं छायादार पौधे लगाए।
उधर, बीएचयू में राष्ट्रीय सेवा योजना और संगीत एवं मंच कला संकाय की ओर सेसंकाय प्रमुख प्रो. संगीता पंडित के नेतृत्व में संकाय परिसर में पौधरोपण किया गया।
शॉट पुट में प्रियांशु, जेवलिन थ्रो में अर्पिता प्रथम
हरिबंधु इंटरनेशनल स्कूल गौराकला में खेल दिवस पर एथलेटिक्स प्रतियोगिता हुई। छह वर्गों में हुई दौड़, लंबी कूद, शॉट पुट, रिले रेस में करीब 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 100 मीटर दौड़ में सिद्धेश्वर, शॉट पुट में प्रियांशु, जेवलिन थ्रो में अर्पिता, रिले रेस में आदर्श और रस्साकशी में अनुष्का ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेताओं को चेयरमैन डॉ. एसएन यादव ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर निदेशक शशिबाला यादव, प्रधानाचार्य जया सिंह, प्रबंधक अजय यादव मौजूद रहे।
सजेगी एक शाम महाकाल के नाम
अघोराचार्य बाबा कीनाराम की 425वीं जयंती पर अघोरपीठ एक शाम महाकाल के नाम से गुलजार होगी। 31 अगस्त से दो सितंबर तक आयोजित होने वाले आयोजन में चार राज्यों के कलाकार हाजिरी लगाएंगे। यह जानकारी अघोरपीठ के पीठाधीश्वर उग्र चंडेश्वर कपाली बाबा ने लंका अस्सी रोड स्थित होटल में पत्रकारों को दी।
कपाली बाबा ने बताया कि एक शाम महाकाल के नाम की शुरुआत 31 अगस्त की रात श्मशान पीठ पूजन, योगिनी चक्रानुष्ठान से होगी। एक सितंबर को मध्य रात्रि में बाबा का पूजन होगा। दो सितंबर को रुद्रार्चन, बाबा कीनाराम जन्मोत्सव और भंडारे का आयोजन होगा।
इसी दिन भजन संध्या में हरियाणा से विजय राजपूत, राजस्थान से सुनील शर्मा, उज्जैन से बिट्टू महाराज, भरत शर्मा व्यास, राजन तिवारी, अमलेश शुक्ला सहित कई कलाकार हाजिरी लगाएंगे। भजन संध्या का आयोजन चेतसिंह किला शिवाला में होगा। इस दौरान राजकुमार केशरी, प्रभुनाथ सिंह, अरविंद गुप्ता, महेंद्र साहनी, आदित्य आनंद मौजूद रहे।
रंग-बिरंगे फूल और मोर छड़ी से हुआ श्याम प्रभु का शृंगार
श्री श्याम मंडल की ओर से महमूरगंज स्थित शुभम लाॅन में रंग-बिरंगे फूलों से मोर छड़ी से श्याम प्रभु की झांकी सजाई गई। इसके साथ ही अन्य मंडपों में दुर्गा जी, गणेश जी, शंकर जी और हनुमान जी को विराजमान कराया गया। उनका मंडप भी रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया था।
शाम को भजन संध्या में स्थानीय कलाकारों के साथ कोलकाता के भजन सम्राट संजय मित्तल और शुभम रूपम ने भजन हारे हारे हारे हारे का सहारा तू गिरधर मेरे..., आस तुम्हारी है विश्वास तुम्हारा है..., जो भी गया खाटू उसका काम बन गया... आदि भजनों की प्रस्तुति दी। प्रभु को भोग लगाकर भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। रात में कार्यक्रम संयोजक भोला जायसवाल और शुभम जायसवाल ने प्रभु की आरती उतारी।
संयोजन अध्यक्ष दीपक बजाज, मंत्री दीपक अजय खेमका, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान, संदीप शर्मा कानू, श्याम सुंदर गाड़ोदिया, अशोक जायसवाल, प्रेम मिश्रा, श्रीनारायण खेमका व धर्मेंद्र अग्रवाल ने किया।