काशी विद्यापीठ: परीक्षा से पहले ग्रीवांस सेल तैयार, छात्रों की समस्या अब तीन दिन के अंदर होगी दूर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में परीक्षा से पहले ग्रीवांस सेल को सक्रिय कर दिया जाएगा। वहीं छात्राओं से जुड़ी समस्याएं सीधे महिला सेल के पास जाएंगी। इसके बाद वहां से संबंधित व्यक्ति के पास शिकायत के निपटारे के लिए भेजा जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों की समस्या अब तीन दिन के अंदर दूर होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसके लिए ग्रीवांस सेल का गठन कर दिया है। छात्र ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से अपनी शिकायतों को दर्ज करा सकेंगे। वहीं छात्राओं की समस्या के लिए महिला सेल का गठन किया गया है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने प्रेसवार्ता में दी।
कुलपति प्रो. त्यागी ने बताया कि ग्रीवांस सेल में चीफ प्राक्टर, चीफ वार्डन और डीन आफ स्टूडेंट को शामिल किया गया है। छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर ग्रीवांस सेल के माध्यम से अथवा परिसर में अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्याएं बता सकेंगे। इसके अलावा ग्रीवांस सेल से हेल्पलाइन नंबर को भी जोड़ा जा रहा है। छात्र इसमें परीक्षा, प्रवेश, शुल्क, प्रमाणपत्र समेत विश्वविद्यालय से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा से पहले ग्रीवांस सेल को सक्रिय कर दिया जाएगा। वहीं छात्राओं से जुड़ी समस्याएं सीधे महिला सेल के पास जाएंगी। इसके बाद वहां से संबंधित व्यक्ति के पास शिकायत के निपटारे के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में अभिभावक और विश्वविद्यालय से जुड़े दूसरे लोगों की समस्या के लिए सेल का विस्तार किया जाएगा।
जल्द शुरू होगा फिशरीज कोर्स
काशी विद्यापीठ से जुड़ सकता है एक और महाविद्यालय
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में संबद्धता व नए पाठ्यक्रम की मान्यता के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पिछले सत्र में कोरोना संक्रमण के कारण संबद्धता और मान्यता के मामले लटक गए थे। विश्वविद्यालय ने दोबारा इसकी प्रक्रिया शुरू की तो 20 से अधिक आवेदन विश्वविद्यालय को प्राप्त हुए हैं। संभावना है कि नए सत्र में एक और महाविद्यालय विश्वविद्यालय से संबद्ध हो सकता है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय से जुड़े महाविद्यालयों की संख्या 316 पहुंच जाएगी। अधिकांश नए पाठ्यक्रम के संचालन के लिए आवेदन आए हैं। वहीं मिर्जामुराद में एक महाविद्यालय की संबद्धता के लिए भी आवेदन किया गया है।
कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय में ऑनलाइन जमा किए गए प्रस्तावों के भूमि संबंधी अभिलेखों का राजस्व विभाग द्वारा 15 जुलाई तक सत्यापन कराया जाएगा। 22 जुलाई तक एनओसी आदेश जारी किया जाएगा।
इसके बाद संस्था द्वारा निरीक्षण मंडल गठन के लिए 26 जुलाई तक आवेदन किया जाएगा और 30 जुलाई तक निरीक्षण मंडल का गठन हो जाएगा। निरीक्षण मंडल मौके पर जाकर जांच करने के बाद अपनी आख्या 10 अगस्त तक पेश करेगा। विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन संबद्धता प्रदान करने की अंतिम तिथि 18 अगस्त है। इसके बाद शासन में अपील करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त और अपील निस्तारित करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है।
काशी विद्यापीठ में केंद्र निर्धारण में आईं 20 से अधिक आपत्तियां
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में केंद्र निर्धारण की सूची जारी होने के बाद आपत्तियां आनी शुरू हो गई हैं। विश्वविद्यालय को भेजी गई आपत्तियों में कहीं दूरी का बहाना बनाया गया है तो किसी ने कोविड प्रोटोकॉल का हवाला दिया है। वहीं कुछ महाविद्यालयों ने परीक्षा केंद्र बनाने पर हाथ खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को केंद्रों की अंतिम सूची विश्वविद्यालय पर अपलोड कर दी जाएगी।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में परीक्षाओं के लिए पांच जिलों में 159 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं केंद्रों की सूची वेबसाइट पर अपलोड होते ही महाविद्यालयों ने आपत्तियां दर्ज करानी शुरू कर दी हैं। पहले ही दिन करीब 13 महाविद्यालयों ने तो दूसरे दिन बृहस्पतिवार को सात महाविद्यालयों ने मेल के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई है। इसमें मुख्य रूप से महाविद्यालय से केंद्रों की दूरी को लेकर है।
दो महाविद्यालयों ने परीक्षा कराने में असमर्थता जताई है। वहीं एक महाविद्यालय ने कहा है कि भीड़ के कारण वह कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने में अक्षम है। ऐसे में विश्वविद्यालय के सामने ऐसे केंद्रों पर नए सिरे से विचार करना होगा। कुलपति प्रो. एके त्यागी ने बताया कि आपत्तियों का निस्तारण करते शुक्रवार को केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।