महाकुंभ 2025 : भक्तों की सहूलियत के लिए सात गंगा घाटों पर फ्लोटिंग जेटी, शुरू हुईं पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
Varanasi News : मकर संक्रांति और महाकुंभ को लेकर काशी में तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन के लोग विभिन्न स्तर पर कामकाज में जुटे हुए हैं। गंगा सहित रेलवे स्टेशनों पर आने वाले भक्तों का खास ध्यान रखा जा रहा है।
विस्तार
पौष पूर्णिमा, मकर संक्रांति और महाकुंभ के पलट प्रवाह के मद्देनजर गंगा में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए सात घाटों पर फ्लोटिंग जेटी लगाई गई है। सात घाटों में शामिल तेलिया नाला घाट, सिंधिया घाट, मीर घाट, अहिल्याबाई घाट, केदार घाट, शिवाला घाट और तुलसी घाट पर चेजिंग रूम की भी व्यवस्था रहेगी।
महाकुंभ के दौरान काशी आने वाले श्रद्धालुओं के गंगा स्नान और नौकायान के मद्देनजर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था बनाई गई है। राजेंद्र प्रसाद घाट, शीतला घाट, अस्सी घाट और तुलसी घाट सहित 21 प्रमुख गंगा घाटों पर जल पुलिस, 11 एनडीआरएफ और पीएसी बाढ़ राहत दल के अलावा सिविल पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। इन 21 गंगा घाटों की निगरानी सीसी कैमरों और ड्रोन की मदद से की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर अस्सी घाट से नमो घाट तक 17 मोटरबोट से पुलिस पेट्रोलिंग करेगी।
बोले अधिकारी
गंगा में स्नान और नौकायन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी शीर्ष प्राथमिकता में शामिल है। इसके लिए निगरानी और पेट्रोलिंग की ठोस व्यवस्था बनाकर घाटों और गंगा में पर्याप्त फोर्स तैनात की गई है। - सरवणन टी, एडीसीपी, काशी जोन
बनारस से प्रयागराज और झूंसी के लिए पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनें शुरू
महाकुंभ को लेकर बनारस, कैंट और सिटी स्टेशन से स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया। रविवार को 05107/05108 बनारस-प्रयागराज रामबाग कुंभ मेला स्पेशल चली। 28 फरवरी तक यह ट्रेन चलेगी। इसके अलावा बनारस-झूंसी-बनारस खंड पर चार जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 05181 गोमतीनगर-झूंसी कुंभ मेला एकल यात्रा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 27 व 28 जनवरी को गोमतीनगर से सुबह 3.30 बजे खुलेगी।
हर पांच मिनट पर बस, एक घंटे पर ट्रेन से जा सकेंगे महाकुंभ
महाकुंभ के लिए काशी से श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानी नहीं होगी। सड़क और रेल मार्ग के जरिये श्रद्धालु आराम से आवाजाही कर सकेंगे। कैंट रोडवेज बस स्टेशन, हरहुआ कृषक इंटर कॉलेज और रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज में बने अस्थायी बस अड्डा से हर पांच मिनट पर बसें प्रयागराज जाएंगी।
वहीं, कैंट, बनारस और सिटी स्टेशन से भी एक से डेढ़ घंटे के अंतराल पर कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रविवार से कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें चलनी शुरू होंगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि हर पांच से दस मिनट के अंतराल पर प्रयागराज के लिए बसें उपलब्ध होंगी।
एसी और साधारण बसें श्रद्धालु यात्रियों को कुंभ पहुंचाएंगी। परिक्षेत्र की 320 बसें और अन्य रीजन से भी 400 बसें बुलाई गई हैं। उधर, एआरटीओ प्रवर्तन श्याम लाल ने बताया कि रोहनिया और हरहुआ में अस्थायी बस अड्डे से निजी बसों का संचालन होगा। टूर ऑपरेटरों को समन्वयक बैठक में विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं।
बनारस, सिटी और कैंट स्टेशन होकर गुजरेंगी कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें: पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें रविवार से रफ्तार पकड़ेंगी। 50 दिन तक लगातार ट्रेनें आवाजाही करेंगी। खास स्नान तिथियों पर भीड़ के मुताबिक ट्रेनें चलाई जाएंगी। जिस रूट पर अधिक भीड़ होगी, उस रूट पर ट्रेनें दौड़ा दी जाएंगी। ऐसे हर एक से डेढ़ घंटे के नियमित अंतराल पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन होगा।
जल परिवहन पर भी हो रहा है मंथन: जल परिवहन अधिकारियों ने बताया कि काशी से निषादराज ई-क्रूज को प्रयागराज भेजा जा चुका है। काशी से प्रयागराज के बीच क्रूज संचालन को लेकर मंथन किया जा रहा है। उम्मीद है कि काशी से जलमार्ग के जरिये श्रद्धालु संगम तक जाएंगे। अलकनंदा क्रूज के निदेशक विकास मालवीय ने बताया कि निषादराज ई-क्रूज को प्रयागराज भेज दिया गया है।
ट्रेनों के आवागमन का लाइव प्रसारण कराएगा रेलवे
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, कमिश्नर कौशल राज शर्मा और डीएम एस. राजलिंगम ने शनिवार को कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया। एडीआरएम व स्टेशन डायरेक्टर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि रेलवे स्टेशन के दोनों ओर महाकुंभ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए दो हजार वर्ग मीटर का होल्डिंग एरिया बनाया गया है। इसमें चार हजार से अधिक लोग ठहर सकते हैं।
महाकुंभ के चलते ट्रेनों का बदला रूट
महाकुंभ के चलते पांच ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। यह ट्रेनें प्रयागराज छिवकी स्टेशन ठहरेंगी। छपरा से 29 व 30 जनवरी को चलने वाली 15159 छपरा-दुर्ग एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग वाराणसी-जंघई-प्रयागराज-मानिकपुर के स्थान पर बदले मार्ग वाराणसी-मिर्जापुर-प्रयागराज छिवकी-मानिकपुर के रास्ते जाएगी।