महेंद्र नाथ पांडेय बोले- मोदी सरकार में किसी बम धमाके में नहीं आया आजमगढ़ का नाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव 2019 में आजमगढ़ और लालगंज सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' और नीलम सोनकर ने शनिवार को नामांकन दाखिल किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय भी डीएवी मैदान में नामांकन को दौरान जनसभा में शामिल हुए।
महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि ये लोकसभा चुनाव सिर्फ मोदी को रोकने के लिए लड़ा जा रहा है। मोदी फिर पीएम न बनने पाये इसके लिए हर हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। ऐसे में जनता को सावधान रहने की जरूरत है। महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि मोदी के पहले 10 साल तक कांग्रेस गठबंधन की सरकार थी।
इन दस सालों में देश में जहां कहीं भी आतंकी और बम ब्लास्ट की घटनाएं हुई। उनमें आजमगढ़ का तार कहीं न कहीं से जोड़ने का कार्य हुआ। मोदी सरकार में आजमगढ़ को बदनाम करने का कोई प्रयास नहीं हुआ। यहीं कारण है कि मोदी सरकार के पांच साल में किसी भी बम धमाके में आजमगढ़ का नाम नहीं आया।
महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि पीएम मोदी पांच साल बाद इम्तिहान देने आए हैं। अब ये आपकी मर्जी है, इन्हें पास करें या फेल। मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि विरोधियों के पास सिर्फ एक ही मुद्दा है मोदी हटाओ। जबकि मोदी और योगी ने हर वर्ग, जाति और धर्म के लोगों को सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी तो बहाना है, हटाना तो गरीबों और पिछड़े जातियों के लोगों को है।
भोजपुरी बोल निरहुआ ने लुभाया
जनसभा में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने भोजपूरी में अपना संबोधन शुरू कर लोगों को लुभाया। कहा कि ‘हमरे पास तो हेलीकाप्टर नाही बा, हम त रिक्शा खींच कर नामांकन करे जाइब। इहा इहे सोच कर आइल हइन कि हमें आप सब क आशीर्वाद मिली’।
अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि ‘बड़ भईया नामांकन के बाद कहने कि खाली दौड़ में पास होवे पर नौकरी दिहे, एकर मतलब जानत हवा का भईल... उ हमरे परिवार के बच्चन के अनपढ़ बनावल चाहत बाने’।
उन्होंने कहा कि ‘एक निरहुआ उनके साइकिल क हवा निकाल देहले हवे, सोचे जब घर-घर निरहुआ हो जाईहे तो उनकर का होई’। निरहुआ ने मंच से कहा कि चुनाव खत्म होते ही अगले दिन से जिले में विश्वविद्यालय का निर्माण शुरू हो जायेगा, ताकि युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए भटकना ना पड़े।
निरहुआ के संबोधन के बाद छटने लगी भीड़
नामांकन जनसभा में भीड़ तो अच्छी खासी थी, लेकिन भीड़ में शामिल ज्यादातर लोग निरहुआ को देखने व सुनने के लिए आए थे। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडेय के बोलने के ठीक पहले दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जनसभा को संबोधित किया।
निरहुआ के संबोधन तक तो चिलचिलाती धूप के बाद भी भीड़ टस से मस नहीं हुई, लेकिन जैसे ही निरहुआ का संबोधन खत्म हुआ और उद्घोषक ने मुख्य अतिथि को आमंत्रित किया तो पंडाल में जमा भीड़ तेजी से छंटने लगी। प्रदेश अध्यक्ष के संबोधन के दौरान लगभग 20 से 25 प्रतिशत लोग पंडाल छोड़ चुके थे।