पीएम मोदी से पहले आज काशी आए अमित शाह, रोड शो की तैयारियों की समीक्षा की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अप्रैल के रोड शो की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आए। शाम को पीएम मोदी के चुनाव कार्यालय और मीडिया सेंटर का उद्घाटन करने के बाद अमित शाह समीक्षा बैठक करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष महमूरगंज स्थित केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद वार रूम में पहली बैठक करेंगे। इसमें स्वागत प्वाइंट सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। सभी समुदाय और वर्गों की भागीदारी के लिए तैयार कार्ययोजना की समीक्षा भी होगी।
रोड शो के लिए 101 स्वागत बिंदु बनाए गए हैं। छह किलोमीटर लंबे रोड शो को 10 ब्लाक में बांटा गया है। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 12 अप्रैल को रोड शो और मतदान के लिए बूथ स्तर पर टीम गठित करने का निर्देश दिया था।
10 दिन पार्टी की तैयारियों की समीक्षा के बाद वह मीडिया सेंटर का उद्घाटन कर पत्रकारों से वार्ता करेंगे। साथ ही मतदान की तैयारियों के लिए बूथ स्तर पर गठित टीमों की सूची पर पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा भी करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद सुबह पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यहां से रवाना हो जाएंगे। इसके बाद वह 25 अप्रैल को पीएम मोदी के रोड शो और नामांकन में शामिल होंगे।
रोड शो में दिखेगा एनडीए का साथ
पीएम मोदी 25 अप्रैल को रोड शो और 26 अप्रैल को नामांकन करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का साथ दिखाई देगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोजपा प्रमुख राम विलास पासवान, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे सहित अन्य नेता इसमें शमिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा शासित प्रदेशों के सीएम, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, सांसद हेमा मालनी, मनोज तिवारी, जयप्रदा, रविकिशन और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' सहित अन्य लोग शामिल होंगे।
काल भैरव के दर्शन कर पीएम मोदी करेंगे नामांकन
पीएम के रोड शो में लघु भारत की छवि दिखाने के लिए प्रत्येक समाज को पारंपरिक वेशभूषा में आमंत्रित किया गया है। पीएम रोड शो के बाद गंगा आरती और काशी विश्वनाथ का दर्शन पूजन करेंगे। 26 अप्रैल की सुबह काल भैरव के दर्शन कर नामांकन के लिए निकलेंगे।