प्रत्याशी के समर्थन में शिवपाल का रोड शो, चुनाव परिणाम को लेकर किया बड़ा दावा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रगतिशील समाज पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने दावा किया है कि इस बार के लोकसभा चुनावों में उनकी पार्टी की बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने चुनावों के परिणामों को लेकर एक बड़ी बात कह दी।
शिवपाल ने कहा कि प्रगतिशील समाज पार्टी के सहयोग के बिना कोई सरकार नहीं बनेगी। हमने 11 प्रदेशों में प्रत्याशी उतारें हैं। यूपी में भी उनकी अच्छी भागीदारी होगी। राबर्ट्सगंज के लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में बुधवार को पत्रकार वार्ता की।
इस दौरान शिवपाल ने कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) के आशीर्वाद से उन्होंने पार्टी बनाई है और नेताजी का मार्गदर्शन बराबर मिल रहा है। अखिलेश पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपने पिता और चाचा का नहीं हुआ, वह आम लोगों का कैसे हो सकता है।
कहा कि केंद्र की सरकार की गलत नीतियों से देश में स्थिति काफी बदतर है। नोटबंदी और जीएसटी ने देश की आर्थिक स्थिति को बदतर कर दिया है। देश को खोखला कर दिया है। शिवपाल ने कहा कि अपने मंत्री पद के कार्यकाल में उन्होंने प्रदेश में जितना विकास कार्य किया है उतना किसी ने नहीं कराया।
आगामी सरकार के गठन को लेकर उन्होंने विकल्प खुला रखा है। पार्टी की संसदीय बोर्ड और कोर कमेटी तय करेगी कि पार्टी किसे समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि वे सेक्युलर के साथ रहेंगे।
सपा-बसपा पर नहीं किया जा सकता भरोसा
यह भी कहा कि सपा और बसपा पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। इसके पूर्व शिवपाल यादव बुधवार की दोपहर बाद करीब एक बजे हेलीकॉप्टर से राबर्ट्सगंज के हाइडिल मैदान पर पहुंचे। यहां पार्टी की प्रत्याशी रूबी प्रसाद समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। फिर यहां से उन्होंने रोड शो किया।
हाइडिल मैदान से वे शाहगंज और फिर घोरावल गए। यहां मंडी समिति में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। फिर वे वापस धर्मशाला चौक, चंडी तिराहा, मेन मार्केट होकर बढ़ौली चौराहे पर पहुंचे। यहां उन्होंने चंद मिनट नुक्कड़ सभा को संबोधित किया और पार्टी प्रत्याशी को जीताने की अपील किया।