एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें: आज 11 बजे से 3 बजे तक होगी नाम वापसी, सुरजेवाला मामले में 18 को सुनवाई
वाराणसी में लोकसभा चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के तहत आज नाम वापसी होगी। उधर, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला केस में 18 मई को सुनवाई की अगली तारीख तय हुई।
विस्तार
नामांकन प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को नाम वापसी होगी। कलेक्ट्रेट सभागार में सुबह 11 से अपराह्न 3 बजे के बीच में नाम वापसी होगी। मैदान में आठ प्रत्याशी हैं। इनमें राष्ट्रीय पार्टी से भाजपा के नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के अजय राय, बसपा के अतहर जमाल लारी हैं। वहीं, राज्य स्तरीय पार्टी युग तुलसी पार्टी के कोलीशेट्टी शिव कुमार, पीडीएम के गगन प्रकाश, राष्ट्रीय समाजवादी जनक्रांति पार्टी के पारस नाथ केसरी हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों में दिनेश कुमार यादव और संजय कुमार तिवारी ने नामांकन किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी एस राजलिंगम के अनुसार नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा।
6 करोड़ से संवरेगा टूरिस्ट बंग्लो
पर्यटन विभाग कैंट स्थित टूरिस्ट बंग्लो का 6 करोड़ में जीर्णोद्धार कराएगा। कैंट स्थित टूरिस्ट बंग्लो में 25 नए रूम, पार्किंग की नई व्यवस्था के साथ फर्नीचर बदले जाएंगे और लग्जरी सुविधाएं दी जाएंगी। अभी यहां 30 रूम हैं। उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत ने बताया कि यहां पर विदेश की तर्ज पर सुविधाएं देनी की प्लानिंग चल रही है।
विकास भवन से मिलेगा ड्यूटी आदेश
सुरजेवाला मामले में अब 18 मई को सुनवाई
बीएचयू के स्कूलों में दाखिले के लिए 21 जून से काउंसिलिंग
बीएचयू से जुड़े स्कूलों में दाखिले के लिए 21 जून से काउंसिलिंग कराई जाएगी। अप्रैल के अंतिम सप्ताह से मई के पहले सप्ताह तक हुई प्रवेश परीक्षाओं के बाद उनकी प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी गई है। 17 मई तक परीक्षाथीZ आपत्तियां दाखिल कर सकेंगे। इसके लिए ही एक सवाल पर 100 रुपये की फीस भी देनी होगी। इसके बाद फाइनल आंसर की 25 मई को जारी की जाएगी।
बीएचयू से जुड़े सेंट्रल हिंदू ब्वायज और गर्ल्स स्कूल में कक्षा नौवीं और 11वीं में दाखिले के लिए 65 हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। 29 अप्रैल से 03 मई तक प्रवेश परीक्षाएं करवाई गईं। अब बीएचयू की वेबसाइट पर स्कूल इंट्रेंस टेस्ट की प्रोविजनल आंसर की 15 मई को अपलोड कर दी गई। विश्वविद्यालय की ओर से 17 मई तक आपत्तियां मांगी गई हैं। इसमें अगर किसी को किसी सवाल पर कोई आपत्ति है तो वह उस पर आपत्ति कर सकता है। इसकी अंतिम तिथि 17 मई यानी बृहस्पतिवार तक है।
इन तिथियों का जानना है जरूरी
- फाइनल आंसर की अपलोड करने की तिथि 25 मई
- प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी 05 जून
- 11वीं गणित की काउंसिलिंग 21 जून
- 11वीं बायोलॉजी की काउंसिलिंग 22 जून
- 11वीं कला की काउंसिलिंग 24 जून
- 11वीं वाणिज्य की काउंसिलिंग 25 जून
- नौंवी की काउंसिलिंग 26 जून
- नौंवी में पेड सीट की काउंसिलिंग 05 जुलाई
वाराणसी के सत्यम नगर, भगवानपुर में रहने वाले विकास दूबे को जालसाजों ने एक लाख 47 हजार रुपये की चपत लगा दी। बिहार के रोहतास जिले के चंद्रकैति के मूल निवासी विकास और भाई संजय की नेवादा में हार्डवेयर और प्लाईवुड की दुकान है। विकास बुधवार दोपहर दुकान में थे।
उसी समय उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने किसान निधि के बारे में बात की। कुछ दिन पहले ही विकास ने किसान निधि का फॉर्म भी भरा था। ऐसे में वह जालसाज की बातों में आ गए। जालसाज ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजा और विकास को डिटेल के नाम पर उलझाकर रखा। कहा कि अकाउंट में यूपीआई चेक करें। फिर दो बार में एक लाख 47 हजार रुपये खाते से कट गए।
हालांकि, तब तक संजय समझ गए कि उनका भाई किसी फ्रॉड का शिकार हो गया है। संजय ने तत्काल फोन काटकर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की भिखारीपुर शाखा को सूचना दी। इसके बाद साइबर सेल को सूचना देने के साथ ही लंका थाने में तहरीर दी।
पूर्व ग्राम प्रधान पति सहित एक अन्य पर दुष्कर्म का मुकदमा
लेढ़ूपुर के पूर्व ग्राम प्रधान पति सुभाष पाल और विमलेश पाल के खिलाफ सारनाथ थाने में दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता के अनुसार, विमलेश पाल चार वर्षों से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। शादी के लिए वह दबाव बनाने लगी तो विमलेश ने इनकार कर दिया।
इसके बाद लेढ़ूपुर के ग्राम प्रधान पति सुभाष पाल ने एक लाख रुपये का लालच देकर मामला रफा-दफा करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सारनाथ उदय प्रताप सिंह ने बताया कि विमलेश व सुभाष पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
गंगा में उतराया मिला युवक का शव
वाराणसी के सामने घाट-रामनगर पुल के समीप गंगा में एक युवक का शव उतराया मिला। स्थानीय लोगों से सूचना पाकर लंका थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और शव को गंगा से बाहर निकाल कर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि शव पुराना होने के कारण सड़ गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की मौत हुई
चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकियां बाजार में नौ मई को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल पर्वतपुर निवासी बचाऊ यादव (65) की बृहस्पतिवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने बताया कि चार भाइयों में सबसे बड़े बचाऊ का एक बेटा और तीन बेटियां हैं।
मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़ कर चोरी
पुरानापुल-पंचक्रोशी सब्जी मंडी के पास मां कामाख्या मंदिर की दानपेटी तोड़कर चोर नकदी चुरा ले गए। पुजारी आयुष गुप्ता ने सारनाथ थाने की पुलिस को सूचना दी। आयुष गुप्ता ने बताया कि जनवरी से दानपेटी नहीं खोली गई थी। उसमें 60 हजार रुपये थे। पुलिस ने मंदिर के सीसी कैमरों को खंगाला तो एक नाबालिग दानपेटी का ताला तोड़ते हुए दिखाई दिया।
मिर्जामुराद में डिवाइडर से टकरा कर कार पलटी
डंगहरिया में नेशनल हाईवे पर कछवां रोड से वाराणसी की तरफ जा रही कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। अनियंत्रित होकर कार डिवाडर से टकरा कर सड़क पर पलट गई और चारों पहिये ऊपर की ओर हो गए। कार सवार पिता, पुत्र सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान गोपीगंज (भदोही) के ग्राम थानी पट्टी निवासी विजय शुक्ला और दो पुत्रों आयुष व शुभम के रूप में हुई है।
किन्नर समाज ने अजय राय को दिया समर्थन
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि सत्ता के स्वार्थ, दबाव और दमन के हर हथकंडों से लड़कर समाज के हर वर्ग के लिए संघर्ष ही मेरी साख और पूंजी है। आप सबके मौके पर खड़ा रहा हूं और होता रहूंगा। वह बृहस्पतिवार को किन्नर समाज संगठन के पदाधिकारियों और प्रतिनिधिमंडल से केंद्रीय चुनाव कार्यालय पर वार्ता कर रहे थे।
किन्नर समाज ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को अपना समर्थन दिया है। किन्नर नेताओं ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों और विकट महंगाई से पूरा समाज पीड़ित है। इस दौरान किन्नर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सलमान किन्नर, रंजन किन्नर, विक्की पटेल और पुजारी जिसानी मौजूद रहे।