Lok Sabha By Election: आजमगढ़ में आज जनसभा करेंगे आजम खान, वाराणसी एयरपोर्ट पर सपा नेताओं संग बनाई रणनीति
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व विधायक आजम खान आज आजमगढ़ में जनसभा को संबोधित करेंगे।
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व विधायक आजम खान बीते कुछ दिनों से अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। वे दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव को लेकर सपा के लिए प्रचार कर रहे हैं। आज वो आजमगढ़ में सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के पक्ष में प्रचार करेंगे।
इसके लिए आजम खान अपने बेटे अब्दुला के साथ चार्टर विमान से वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट उतरे और यहां थोड़ी देर रुकने के बाद आजमगढ़ के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट के टर्मिनल बिल्डिंग में सपा के क्षेत्रीय नेताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में उन्होंने सपा नेताओं से बनारस के संगठन को और मजबूत करने के साथ-साथ 2024 के लोकसभा चुनाव के बाबत चर्चा की।
आजमगढ़ लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर रणनीति पर मंत्रणा की। उसके बाद हेलीकॉप्टर से आजमगढ़ के लिए उड़ गए। वह आजमगढ़ की दो विधानसभा गोपालपुर और मुबारकपुर में चुनाव प्रचार करेंगे। वाराणसी एयरपोर्ट पर सपा महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, जितेन्द्र यादव,नत्थू लाल सोनकर,संजू विश्वकर्मा, राजबहादुर पटेल,राकेश कुमार इत्यादि नेताओं ने स्वागत किया ।
आजमगढ़ में त्रिकोणीय संघर्ष के आसार
लोकसभा उपचुनाव ज्यों-ज्यों करीब आ रहा है, उतने ही जोर शोर से प्रचार प्रसार में प्रत्याशी जी जान से लगे हुए हैं। जीत हासिल करने के लिए प्रत्याशी पूरा जोर लगाए हुए हैं। एक तरफ जहां उनके द्वारा मतदाताओं के घर-घर पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं उनके द्वारा भगवान के दरबार में मत्था टेककर जीतकर की दुआ भी मांगी जा रही है।
आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में त्रिकोणीय संघर्ष के आसार नजर आ रहे हैं। बसपा, सपा और भाजपा प्रत्याशी जीत के लिए अपना पूरा जोर लगाए हुए। सपा और भाजपा के दिग्गज नेता जहां कई दिनों से जिले में अपना डेरा जमा चुके हैं। वहीं बसपा के भी दिग्गज नेताओं का आना शुरू हो गया है। उनके द्वारा जगह-जगह दौरे के साथ नुक्कड़ सभा कर लोगों तक अपनी बात पहुंचाई जा रही है।
वहीं उनके द्वारा जीत के लिए हर प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में उनके द्वारा भगवान के दरबार में भी हाजिरी लगाई जा रही है। बृहस्पतिवार को सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव भी शेरपुर कुटी में बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर जीत की प्रार्थना करते नजर आए। इस प्रकार हर प्रत्याशी उपचुनाव में जीत के लिए कोई भी कोर कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहता है।