Varanasi: लग्जरी कार से अंग्रेजी शराब की तस्करी, ड्राई स्टेट बिहार पहुंचाने की थी तैयारी, एक गिरफ्तार
वाराणसी के बरेका गेट के पास से मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने एक कार से बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की 383 बोतल बरामद की। शराब की कीमत तीन लाख 25 हजार रुपये है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिहार में शराब बंदी है। बड़े वाहनों से शराब की खेप ले जाने पर पकड़े जाने का डर रहता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार में शराब पर बैन के बावजूद तस्कर उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों से शराब की तस्करी बिहार में करते हैं। ऐसे में यूपी पुलिस लगातार इसपर बड़ी और प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस ने लग्जरी कार से बिहार ले जाए जा रही लाखों की शराब पकड़ने में सफलता हासिल की है। वाराणसी से बिहार की राजधानी पटना जा रही इस शराब के साथ एक तस्कर भी गिरफ्तार हुआ है।
बरेका गेट के पास से मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने एक कार से बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की 383 बोतल बरामद की। कार और शराब के साथ गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटना के दीघा थाना के कुर्जी बालू निवासी अमित कुमार के रूप में हुई।
मंडुवाडीह थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि थाने की क्राइम टीम को सूचना मिली थी कि शहर के ठेकों से शराब की बोतलें खरीद कर बिहार ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचने का काम कुछ लोग करते हैं। सूचना के आधार पर क्राइम टीम ने बरेका गेट के पास से एक कार से शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
कार से बरामद हुई शराब की कीमत तीन लाख 25 हजार रुपये है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिहार में शराब बंदी है। बड़े वाहनों से शराब की खेप ले जाने पर पकड़े जाने का डर रहता है। कार से शराब ले जाने पर पुलिस ध्यान नहीं देती है। बिहार में प्रिंट रेट से 250 से 300 रुपये तक ज्यादा कीमत में एक बोतल आसानी से बिक जाती है।