Varanasi: फॉर्मूला वन की तरह काशी में पहली बार होगी पावर बोट रेस,दुनियाभर के टॉप 18 पावर बोट चालक लेंगे हिस्सा
फॉर्मूला वन एच20 के आयोजन के लिए प्रबंधन टीम में 300 सदस्य शामिल होंगे। 1000 मीटर लंबा, 150 मीटर चौड़ा और ढाई मीटर गहरे वाटर बेस पर पावर बोट 260 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फर्राटा भरेंगी।
विस्तार
पानी में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए पहली बार काशी में फार्मूला-वन की तरह पावर बोट रेस प्रतियोगिता होगी। इसमें दुनियाभर के टॉप 18 पावर बोट चालक सहित नौ टीमें हिस्सा लेंगी। खेल विभाग की देखरेख में प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसकी विस्तृत रिपोर्ट भी क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी से मांगी गई है। नोएडा की कंपनी फेयर स्ट्रीट स्पोर्ट्स ने प्रतियोगिता के लिए जुलाई में खेल निदेशालय को प्रस्ताव भेजा था, जिसे अब मंजूरी मिली है। कंपनी के तकनीकी अधिकारियों ने रामनगर किले से राजघाट के बीच गंगा का प्रवाह देखा है। सब कुछ ठीक रहा तो जनवरी और फरवरी 2024 के बीच पावर बोट रेस प्रतियोगिता कराई जाएगी। रविदास घाट से राजघाट के बीच बोट रेस होगी। कंपनी के मुख्य ऑपरेटिंग अधिकारी पुष्कर नाथ श्रीवास्तव के मुताबिक आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में पहली बार पावर बोट रेस का सफल आयोजन हुआ था। अब काशी में आयोजन की तैयारी है।
260 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फर्राटा भरेंगी बोट
फार्मूला वन एच20 के आयोजन के लिए प्रबंधन टीम में 300 सदस्य शामिल होंगे। 1000 मीटर लंबा, 150 मीटर चौड़ा और ढाई मीटर गहरे वाटर बेस पर पावर बोट 260 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फर्राटा भरेंगी।
निदेशालय से पावर बोट रेस के लिए जो सूचना मांगी है, उसे तैयार करके भेजा जा रहा है। गंगा उस पार दो एकड़ में ड्राई पिट बनाया जाएगा। रविदास घाट से राजघाट के बीच 1000 मीटर लंबा, 150 मीटर चौड़ा और ढाई मीटर गहरे वाटर बेस तैयार करने की सुविधा है। इसकी सर्वे रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। इसे सोमवार को निदेशालय भेजी जाएगी। - आरपी सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी