श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्राचीनता और नवीनता का अद्भुत संगम नजर आएगा। बाबा विश्वनाथ का दरबार काशी की प्राचीन गलियों से भी जुड़ेगा। इससे जहां श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, वहीं काशी की गलियों का आकर्षण भी बरकरार रहेगा। मंदिर प्रशासन ने बाबा दरबार की ओर से आने वाली सभी गलियों को श्री काशी विश्वनाथ धाम से जोड़ने का निर्णय लिया है। गलियों के शहर के नाम से मशहूर काशी को देश और दुनिया से लोग देखने आते हैं और इसके सम्मोहन से बच नहीं पाते हैं। श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर निर्माण के लिए पक्का महाल, नेपाली खपड़ा, लाहौरी टोला की संकरी गलियों को समाप्त कर दिया गया। स्थानीय लोगों को यह आशंका थी कि बाबा के दरबार जाने वाली दूसरी गलियों को भी बंद कर दिया जाएगा।
काशी विश्वनाथ धाम की ओर जाने वाली सभी गलियां मंदिर से जुड़ेंगी, नहीं बंद होगी एक भी पुरानी गली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीईओ सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को जोड़ने वाली किसी भी गली को बंद नहीं किया जाएगा। कॉरिडोर के चारों तरफ की गलियों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम गलियों को सजा और संवार रहा है। इसके लिए बजट जारी हो चुका है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में मकराना पत्थरों का काम शुरू हो चुका है।
अभी खुले हैं केवल दो प्रवेश द्वार
श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर निर्माण के कारण मंदिर में गेट नंबर चार और एक से ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं के लिए चारों प्रवेश द्वार से प्रवेश दिया गया था।
सुविधाओं का रखा गया है खास ख्याल
50 हजार वर्ग मीटर में तैयार हो रहे कॉरिडोर में श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया है। यहां म्यूजियम, कल्चरल सेंटर, वैदिक केंद्र, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, जप-तप भवन, भोगशाला, मोक्ष भवन और दर्शनार्थी सुविधा केंद्र का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। अगस्त तक ये धाम तैयार किया जाएगा।
18 करोड़ से स्मार्ट होंगी गलियां
दशाश्वमेध वार्ड को स्मार्ट वार्ड बनाने के लिए स्मार्ट सिटी योजना के तहत 18 करोड़ से काम होगा। इसमें नई सीवर लाइन, नई पेयजल लाइन, नया मैनहोल, हाउसपिट और वाटर डक्ट लाइन का निर्माण होना है। गली का पुराना पत्थर हटाकर सीसी रोड बनेगी और उस पर नया पत्थर बिछाया जाएगा। खास बात यह है कि गली की ऊंचाई व गहराई में कोई बदलाव नहीं होगा।
इन गलियों में होना है काम
-दशाश्वमेध घाट गली
-मानमंदिर गली
-त्रिपुरभैरवी गली
-मीरघाट गली
-कालिका गली
-शकरकंद गली
-नंदू फारिया गली
-लाहौरी टोला गली
-साक्षी विनायक गली
-टेढ़ी नीम गली
-भंडारी गली
-कोतवालपुरा गली