काशी विश्वनाथ धाम: अब हर दिन बाबा का स्पर्श दर्शन कर सकेंगे नियमित दर्शनार्थी, समय निर्धारित
काशी विश्वनाथ मंदिर में अब नियमित दर्शनार्थी सुबह चार से 4.30 बजे तक गर्भगृह में जाकर बाबा का दर्शन-पूजन कर पाएंगे। पिछले दिनों बाबा के स्पर्श दर्शन को लेकर नियमित भक्तों ने प्रशासन से गुहार लगाई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काशी विश्वनाथ धाम के नियमित दर्शनार्थी अब हर दिन बाबा का स्पर्श दर्शन कर सकेंगे। कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से ही दर्शन पर रोक लगाई गई थी। अब यह व्यवस्था बहाल होने के बाद नियमित दर्शन करने वाले लोग सुबह चार से 4:30 बजे तक स्पर्श दर्शन कर सकेंगे।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण की वजह से ही विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने सभी के लिए बाबा के गर्भ गृह में स्पर्श दर्शन पर रोक लगा दी थी। अब जबकि कोरोना का संक्रमण कम होता जा रहा है, जिसको देखते हुए ही मंदिर प्रशासन ने इस रोक को हटा दिया है।
नियमित भक्तों ने लगाई थी गुहार
पिछले दिनों बाबा के स्पर्श दर्शन को लेकर नियमित भक्तों ने प्रशासन से गुहार लगाई थी। साथ ही पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी के पास भी लोग गए थे। इस बारे में काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ सुनील वर्मा ने बताया कि नियमित दर्शनार्थियों के लिए स्पर्श, दर्शन का निर्णय लिया गया है।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह तक नहीं जाएगी पूजन सामग्री, हर भक्त को मिलेगा प्रसाद
महाशिवरात्रि: शिवभक्तों की भीड़ थामने को तैयारियों में जुटी पुलिस
महाशिवरात्रि को लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां शुरू हो गई हैं। चुनाव में फोर्स के जाने के बाद पुलिस के लिए शहर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने की चुनौती है। मंदिर प्रशासन संग भी बैठक कर व्यवस्थाओं का खाका खींचा जा रहा है।
महाशिवरात्रि के दिन बाबा विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ने की भी आशंका है, लिहाजा सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखी जाएगी। शिवालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले मेले और विविध आयोजनों को लेकर कमिश्नरेट और ग्रामीण पुलिस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है।
शिव बरात को लेकर धर्म गुरुओं संग बैठक
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि किसी के साथ अभद्र व्यवहार न हो, बुजुर्गों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। चेकिंग के नाम पर किसी को परेशान न किया जाए। संदिग्धों पर बराबर निगरानी रहे।
उधर, रविवार को एसीपी कोतवाली त्रिलोचन त्रिपाठी ने रामनगर थाने में महाशिवरात्रि से संबंधित कार्यक्रमों और क्षेत्र के शिवालयों से निकलने वाले शिव बरात को लेकर धर्म गुरुओं संग बैठक की। इस दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। बैठक में रामनगर इंस्पेक्टर अश्विनी पांडेय आदि रहे।